सोमवार, 25 फ़रवरी 2013

डबल डायरशाही का शिकार नीमूचाणा



पिछले दिनों इंग्लैण्ड के प्राइम मिनिस्टर डेविड कैम्रून ने अपनी भारत यात्रा के दौरान जलियांवाला बाग जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की थी और जो कुछ उन्होंने कहा था उसका सार यह था कि इंग्लैण्ड के इतिहास में इसे एक बुरी घटना माना जायेगा। कैम्रून ने यद्यपि क्षमायाचना यह कहकर नहीं की कि वह हत्याकाण्ड उनके जन्म से पूर्व हुई दुखद घटना थी। जो भी हो, इंग्लैण्ड के प्राइम मिनिस्टर के इस कथन से यकायक अलवर जिले के एक कृषक प्रधान गांव नीमूचाणा का स्मरण हो आता है जहां अंग्रेजों और महाराजा की फौज ने मिलकर भारी संख्या में आदमी, औरतों और पशुओं को मौत के घाट उतार दिया था।

महात्मा गांधी ने इस हत्याकांड पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि - यह जलियांवाला काण्ड से भी भीषण दुखान्तिका थी। उन्होंने इसे ‘डबल डायरशाही‘ की संज्ञा दी थी। विद्यार्थी जी ने इस कृषक आंदोलन और उसमें हुए हत्याकांड के खिलाफ न केवल समाचार ही प्रकाशित किये बल्कि लेख और कविताएं भी प्रकाषित कीं। 25 मई, 1925 को एक ‘भुक्तभोगी‘ की कष्ट कथा को उन्होंने विस्तार से प्रकाशित किया। इस कष्ट कथा का जो आलेख ‘प्रताप‘ में प्रकाशित हुआ था, उसकी निम्न पंक्तियां दृष्टव्य हैं:-

‘‘अलवर राज्य के अन्तर्गत एक गांव नीमूचाणा है। वहां के निवासियों के साथ जो घोर अत्याचार व नर-पिशाच  कर्म हुआ है, उसको सुनकर किसके रोमान्च खड़े नहीं होंगे? किसका ऐसा पाषाण हृदय है जो उस कथा को सुन विदीर्ण न होगा? मैं 14 तारीख के पहिले तीन चार लाख का आसामी था। मेरे कुटुम्ब में अठारह औरत, मर्द व बाल बच्चे थे। परन्तु आज हमारे अलवर के शासकों की कृपा से हम सिर्फ दो भाई शेष हैं। एक अलवर की जेल में है, दूसरा सिर्फ मैं हूं जो दुर्भाग्य से बच गया हूं। बाकी सब मशीनगन, तोपों व फौजी सिपाहियों की बन्दूकों के निशाने बन गये, कुछ आग में जल गये। अलवर राज्य ने जो अन्यायपूर्ण कानून बनाये हैं वे दुनिया के किसी राज्य में आज तक प्रचलित नहीं हुए।‘‘  इतना ही नहीं विद्यार्थी जी ने 6 जुलाई 1925 के अंक में ‘‘फुलझड़िया‘‘ शीर्षक से नीमूचाणा काण्ड पर एक कविता भी प्रकाशित की।

राजस्थान के स्वाधीनता सेनानियों से विद्यार्थी जी का जीवन्त सम्पर्क था। सन् 1922 में जब मध्यप्रदेश  और राजस्थान में सामाजिक एवं राजनैतिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से दिल्ली के मारवाड़ी पुस्तकालय में एक बैठक बुलाई गई और ‘राजपूताना मध्यभारत सभा‘ का गठन किया गया तो विद्यार्थी जी इस संस्था के सक्रिय सदस्य बनाये गये। राजस्थान में उस समय जो राजनैतिक पत्र निकल रहे थे, वे भी विद्यार्थी जी से निरन्तर प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त करते थे। 1923 में जब विद्यार्थी जी को अंग्रेज विरोधी राष्ट्रीयता से ओत-प्रोत लेखन के लिए जेल हुई तो अजमेर से प्रकाशित ‘तरूण राजस्थान साप्ताहिक‘ ने उनके बंदीगृह गमन पर एक कविता प्रकाशित की। इस ऐतिहासिक कविता की कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं:-

जिसके ‘प्रताप‘ ने हिन्दी को अपने प्रताप से चमकाया।
जिसका स्वातन्त्रय उलूकों को फूटी आंखों न कभी भाया।
जिसकी स्मृति भर ग्राम्य सरों के पद्मों  को हुलसाती थी।
जिसके भय से अत्याचारी को सुख की नींद न आती थी।
उसका बंदीगृह जाना भी कुछ नूतन रंग जमायेगा।
दिनकर रजनी अंचल में भी स्वातन्त्रय प्रभा छिटकायेगा।।

यह दुखद प्रसंग है कि राजस्थान के स्वाधीनता संग्राम के इतिहास लेखकों और पत्रकारिता के इतिहास ग्रंथों की रचना करने वाले विद्वानों ने विद्यार्थी जी के इस योगदान का उल्लेख विस्तार से नहीं किया है। आज के समय में जबकि पत्रकारिता निरन्तर व्यवसाय होती जा रही है और इस क्षेत्र में भी पीत पत्रकारिता करने वाले अवांछनीय तत्व जुड़ गये हैं, ऐसे में गणेश शंकर विद्यार्थी के संपादकीय आदर्श  हमारा मार्गदर्शन करें, इसके लिए विभिन्न पत्रकार संगठनों और स्वाधीनता सेनानी संगठनों द्वारा उनकी जयन्ती और पुण्यतिथि पर संगोष्ठियों और परिचर्चाओं का आयोजन किया जाना चाहिए।

विद्यार्थी जी की लौह लेखनी और राजस्थान


              
हिन्दी के पुरोधा पत्रकार और महान् स्वतंत्रता सेनानी शहीद, गणेश  शंकर विद्यार्थी का जन्म 26 अक्टूबर, 1890 को उत्तरप्रदेश  के एक गांव में हुआ था और मात्र 41 वर्ष की आयु में वे 25 मार्च, 1931 को शहीद हो गये थे। ‘विद्यार्थी‘ जी ने अन्य क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों की भांति अंग्रेजों की गोलियां नहीं खायी थीं, वे अपने ही भाइयों के हाथों शहीद हुए थे। उनका आत्मोत्सर्ग गांधी जी और इन्दिरा गांधी की तरह का था। सन् 1931 में जब कानपुर में साम्प्रदायिक दंगे भड़के तो वे रात-दिन दंगाग्रस्त क्षेत्रों में अमन-चैन स्थापित करने के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाते रहे। एक दिन इन्हीं दंगाइयों ने उनका प्राण हरण कर लिया।

‘विद्यार्थी‘ जी ने समूचे हिन्दी भाषी राज्यों में आजादी की अलख जगाने और राजनैतिक चेतना जागृत करने का महान् उपक्रम अपने तेजस्वी पत्र ‘प्रताप‘ के जरिये किया था। ‘प्रताप‘ की तेजस्वी भूमिका की कल्पना विद्यार्थी जी के इस कथन से की जा सकती है, जो उन्होंने अपने पत्र के पहले अंक में प्रकाशित  किया था। उन्होंने कहा था कि ‘किसी की प्रशंसा या अप्रशंसा, किसी की प्रसन्नता या अप्रसन्नता, किसी की घुड़की या धमकी हमें सुमार्ग से विचलित न कर सकेगी। साम्प्रदायिक और व्यक्तिगत झगड़ों से ‘प्रताप‘ सदा अलग रहने की कोशिश  करेगा, उसका जन्म किसी विशे ष सभा, संस्था, व्यक्ति या मत के पालन-पोषण के लिए या रक्षण अथवा विरोध के लिए नहीं हुआ है, किन्तु उसका मत स्वतंत्र विचार और उसका धर्म सत्य होगा, जिस दिन हमारी आत्मा इतनी निर्बल हो जाय कि हम अपने प्यारे आदर्शों  से डिग जायं, जान-बूझकर असत्य के पक्षपाती बनने की बेशर्मी करे और उदारता, स्वतंत्रता और निष्पक्षता को छोड़ देने की भीरूता दिखाये, वह दिन हमारे जीवन का सबसे अभागा दिन होगा और हम चाहते हैं कि हमारे नैतिक मूल्यों के पतन के साथ ही साथ हमारे जीवन का अन्त हो जाय।‘

‘विद्यार्थी‘ जी ने जब तक वे जीये, अपने इसी संपादकीय धर्म का पालन किया और वे असत्य और अन्याय के विरूद्ध अपनी लेखनी से निरन्तर प्रहार करते रहे, बल्कि बहुत कम लोगों को ज्ञात है कि राजस्थान में जब सामन्तों और जागीरदारों के अत्याचार अपनी पराकाष्ठा पर थे और जन-जीवन पूरी तरह त्रस्त था, विद्यार्थी जी ने पत्र के जरिये यहां के जन-आंदोलनों को प्रबल समर्थन दिया था। सन् 1922 में जब ‘लाग-बाग‘ और ‘बेगार‘ के खिलाफ बिजोलिया के किसानों ने विद्रोह का झण्डा उठाया और भारत के स्वाधीनता आंदोलन  के इतिहास में प्रसिद्ध बिजोलिया का कृषक आंदोलन चलाया था तो विद्यार्थी जी ने न केवल उस आंदोलन को समर्थन ही दिया, अपितु उन्होंने यहां के राजनैतिक कार्यकर्ताओं से निरन्तर सम्पर्क बनाये  रखकर उनका मार्गदर्शन भी किया। 14 जून, 1920 को उन्होंने ‘बिजोलिया पर काले बादल‘ शीर्षक अपनी टिप्पणी में बिजोलिया के जागीरदार के क्रूर-कर्मों की न केवल भर्त्सना की, अपितु महाराणा मेवाड़ को भी ललकारा और उन्हें अपने सुप्त गौरव का स्मरण इन शब्दों में करायाः-

‘हम अत्यन्त नम्रता के साथ एक बात बिजोलिया के किसानों के सांसारिक प्रभु श्रीमान् महाराना साहब से कह देना चाहते हैं और वह यह है कि ईश्वर ने उन्हें एक बड़ा काम सौंपा था, उन्हें एक बड़े राज्यवंश में जन्माया था, ऐसे राजवंश  में जिसके राजा देश  और देश  के लोगों के लिए अपने प्राणों की बलि देना अपना धर्म मानते थे, परन्तु उन्होंने उस धर्म को नहीं निभाया जो जन्म और कर्तव्य के कारण उनको निभाना चाहिये था, पुरानी रूढ़ियों और निरंकुशता की आदतों ने उनकी दृष्टि के सामने उन लोगों को पिसते और कुचलते ही रहने दिया, जिनकी रक्षा का भार उन पर था। यह साधारण बात नहीं। एक मीठा विश्वास  है जिसके वशीभूत होकर निरंकुश  लोग निरंकुशता   करते हैं, दूसरों के सिरों पर चलते हैं और सदा यही समझते हैं कि हमारा क्या बिगड़ेगा?’

बिजोलिया ही नहीं, आगे चलकर बेगूं और सिरोही में जो किसान आन्दोलन हुए, उनके समर्थन में भी विद्यार्थी जी ने अपने पत्र में समाचार और टिप्पणियां प्रकाशित कीं।

काव्य प्रतिभा के कुबेर ललित गोस्वामी




गौर वर्ण, मँझला कद, बहुत हल्की मूँछें, पान की पीक से रंगे होठ, धोती, कुर्ते का परिधान, ऐसा ही कुछ बहिरंग व्यक्तित्व था आज गुमनाम हुए ललित गीतों के रचनाकार ललित गोस्वामी का। उन्हें गुजरे हुए लगभग आधी सदी होने को आई। वे कोई नौकरी-चाकरी नहीं करते थे और उनकी औपचारिक शिक्षा भी साधारण ही हुई थी, पर काव्य-प्रतिभा के वे कुबेर ही थे। एक वक्त था जब आकाशवाणी के विभिन्न केन्द्रों से सुगम संगीत के कार्यक्रमों में उनके नाम की धूम थी। गरीबी उनको विरासत में मिली थी, लेकिन दिल की दौलत से वे भरपूर थे। मेरी उनकी मैत्री कोई सन् 1957 में शुरू हुई और 1962-63 में उनके निधन के साथ ही समाप्त हो गई। यह वह दौर था जब आकाशवाणी के जयपुर केन्द्र पर हम दोनों की जबरदस्त डिमांड बहुतों के लिए ईष्र्या का विषय था। उन दिनों जयपुर आकाशवाणी पर उदयशंकर भट्ट और राज नारायण बिसारिया जैसे सरनाम सर्जक चीफ प्रोड्यूसर और प्रोड्यूसर थे। उदय शंकर जी भट्ट जैसी दिग्गज साहित्यिक हस्ती की ललित जी पर विशेष कृपा थी। उनके साथ ही मैंने पहली बार और आखिरी बार भंग-भवानी की तरंग का अनुभव किया था। भट्ट जी प्रतिदिन भंग पीकर ही शायद रचना-कर्म करते थे। ललित जी को पान खाने के अतिरिक्त कोई व्यसन नहीं था, गो कि वे सूक्ष्म मात्रा में यदा-कदा भंग और मदिरा दोनों का ही आस्वाद कर लेते थे।

ललित गोस्वामी ने मुझे कभी अपना निवास नहीं दिखाया था। हमारा मिलन स्थल प्रायः गवर्नमेन्ट हॉस्टल के सामने एक चाय की दुकान पर ही होता था। जब-तब वे मेरे दफ्तर और घर पर भी आ जाते थे। दरअसल उनका रैन-बसेरा अजमेर रोड़ की एक कच्ची बस्ती में ही था, जिसका पता मुझे कारूणिक स्थिति में बिना दवा-दारू के उनके अकस्मात् निधन पर ही लग सका। जो हालात मैंने देखे, उनसे मेरा कलेजा फटने लगा था। सर्दी के मौसम में ठीक से बिस्तर भी उनके पास नहीं थे। रहने वाले थे तीन- उनके माता-पिता और एक बेरोजगार भाई। बहरहाल।

ललित गोस्वामी के लयात्मक गीतों का एक संकलन प्रसिद्ध प्रकाशक आत्माराम एण्ड सन्स ने ‘मेरे सौ गीत‘ नाम से छापा था, जो काफी चर्चित रहा था। उसी संकलन से एक गज़लनुमा गीत की दो पंक्तियाँ मुझे अभी भी याद हैं। उन्होंने लिखा था -
आज वो सपनों में आये, मुस्कुराकर चल दिये।
जैसे श्यामल घन कहीं, बिजली गिराकर चल दिये।।

गोस्वामी के गीतों का मूल स्वर रूप, रस, रोमान्स का ही था, किन्तु हास्य-व्यंग्य की रचनाएं करने में भी वे सिद्धहस्त थे। जयपुर आकाशवाणी से उनके बंडल कवि के  नाम से प्रसारित धारावाहिक ‘चाय-चालीसा‘ की कुछ पंक्तियाँ मेरे जेहन में अभी भी हैं:-
हीरोइन के हाथ की मिले एक कप चाय।
तो भूमंडल छोड़कर कौन स्वर्ग को जाय?
कौन स्वर्ग को जाय जहाँ होटल ना ढ़ाबा,
बसें देव ही देव और बाबा ही बाबा।

पारसी शैली में लिखित ‘रंगीलाल‘ नाम से प्रसारित उनका एक अन्य हास्य धारावाहिक भी बहुत पॉपूलर हुआ था। उनके अस्वस्थ होने पर इसकी कुछ कड़ियाँ मैंने भी लिखी थी।

उनके मुफलिसी  के दौर में तत्कालीन मुख्य सचिव आदरणीय भगवत सिंह जी मेहता से आज्ञा प्राप्त कर मैंने कुछ विकास-गीत भी उनसे लिखवाये थे, जो स्व. राजेन्द्र शंकर जी भट्ट द्वारा जनसंपर्क निदेशालय से दो-तीन संकलनों के रूप में प्रकाशित हुए थे। पर ऐसी छोटी-मोटी आर्थिक सहायता कितने दिन कारगर होती।

ललित गोस्वामी के निधन को कोई पचास साल के आस-पास हो आये, पर किसी साहित्यिक संस्था ने उन्हें याद नहीं किया। राज्य की साहित्य अकादमी यदि उन पर मरणोपरान्त एक मोनोग्राफ निकाल सके, तो यह उनके प्रति विलम्बित ही सही, उपयुक्त श्रद्धांजली होगी।

रविवार, 16 दिसंबर 2012

कितने विलक्षण थे वे पेथोलॉजी प्रोफेसर


चिकित्सा शास्त्र में एक ऐसी मनोवैज्ञानिक बीमारी का उल्लेख है,  जिसके रोगी को,  चाहे वह कितना ही भद्रजन हो,  चुपके-से छोटी-मोटी मन पसंद चीज़ चुरा लेने में पराक्रम बोध होता है। कहते हैं, इंग्लैण्ड के एक शहज़ादे को यही रोग था। इसलिए जब कभी वे सेवकों के साथ शॉपिंग   पर जाते थे और किसी प्रिय स्टोर पर खरीदारी करने लगते थे, तो सेवक और सेल्स काउण्टर के प्रभारी इधर-उधर हो जाते थे। इस बीच शहज़ादा नज़र चुरा कर अपनी पसंद की चीज़ें ओवर कोट में डाल लेता था। उनके जाने के बाद जो भी वस्तुएं वहां से मिसिंग पाई जातीं,  उनका बिल राज भवन को भेज दिया जाता था। कुछ ऐसा ही रोग बताया जाता था पेथोलॉजी के एक अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रोफेसर को, जो कभी जयपुर में ही निवास करते थे। उनकी असाधारण प्रतिभा का आलम यह था कि उन्होंने पेथोलॉजी के क्षेत्र में शीर्षतम उपाधियां प्राप्त की थीं और श्रेष्ठतम कोटि का शोध कार्य किया था। यही कारण था कि वे सीधे प्रोफेसर के पद पर नियुक्त किए गए थे। खद्दर का धोती कुर्ता पहनने वाले वे मेडिकल कालेज के एक ही विचित्र प्राध्यापक थे। एक आइ.ए.एस. अधिकारी के ज़रिए मैं उनके निकट सम्पर्क में आया था। उनके साहित्यानुराग के कारण वे मेरे पास अक्सर आते रहते थे। मैं स्तंभित रह गया था,  जब मैंने उन्हें प्राच्य विद्या विदों और संस्कृत विद्वानों के एक सेमिनार में धारा प्रवाह संस्कृत में बोलते देखा। वे सचमुच अपने विषय के अतिरिक्त संस्कृत के उद्भट विद्वान भी थे। उनकी परिकल्पना एलोपैथी चिकित्सा विज्ञान की शिक्षा हिन्दी के माध्यम से संभव बनाने की थी। प्रयोगात्मक रूप से उन्होंने ‘’प्रज्ञान’  के नाम से एक पत्रिका भी निकाली थी।

टी.पी. भारद्वाज के नाम से विख्यात् ये प्रोफेसर मेडिकल कॉलेज में अपने विभाग के लिए की गई बड़ी खरीद के सिलसिले में वित्तीय अनियमितताओं में फॅंस गए। भ्रष्टाचार विभाग द्वारा धरपकड़ हुई। जांच का लम्बा सिलसिला चला। जैसा कि प्रवाद प्रचलित था,  जांच के दौरान उन्होंने एक बार कुछ कागज़ जांच अधिकारी के हाथ से छीन कर मुंह में चबा लिए और निगल गए। उनका निलम्बन हुआ। कई बरस जांच चलती रही। बेचारे बड़े परेशान थे। अक्सर ऐसा देखा गया है कि इस कोटि के विशिष्ट विद्वान् प्रशासनिक मामलों में शातिर न होने के कारण ऐसे कुचक्रों में फॅंस ही जाते हैं। डा. भारद्वाज ऐसे ही अभागों में थे। लम्बी एन्क्वाइरी के बाद उन्हें कुछ प्रकरणों में दोषी पाया गया और शासन के शीर्ष स्तरों पर पड़ताल के बाद कार्मिक विभाग ने उनके लिए यह दण्ड तज़बीज़ किया कि उन्हें रीडर के पद पर पदावनत कर दिया जाए। इस प्रस्तावित दण्ड पर लोक सेवा आयोग की सहमति भी आवश्यक थी। पत्रावलि आयोग को डिस्पैच होने वाली थी कि डा. भारद्वाज मेरे पास भागे हुए आए। वे हाइकोर्ट जाने की तैयारी मानसिक रूप से कर चुके थे। मैंने उन्हें थोड़ा ठंडे दिमाग से समझाया-‘डा. साहब, आपकी नियुक्ति सीधे प्रोफेसर के पद पर हुई थी। आप लेक्चरर से रीडर और रीडर से प्रोफेसर नहीं बने थे। दण्ड स्वरूप नीचे के पद पर उसे डिमोट किया जाता है,  जो प्रमोशन से ऊपर गया हो। सरकार आपको पदावनत करने की कानून सम्मत स्थिति में नहीं है। वह या तो आपकी सेवाएं समाप्त करे या आपको पुनः प्रोफेसर के पद पर स्थापित करे। डा. भारद्वाज को मेरा तर्क उचित लगा। उन्होंने मामला लोक सेवा आयोग में जाने पर आयोग-अध्यक्ष से भेंट कर अपना तर्क रखा। उनका तर्क विवेक सम्मत था। डा. भारद्वाज की योग्यता का दूसरा व्यक्ति सहज ही उपलब्ध नहीं होने वाला था। अन्ततः कुछ वेतन वृद्धियां खो कर ही सही,  डा. भारद्वाज अपनी  जंग में विजयी रहे।

अनुमान है कि साल-दो साल बाद वे जोधपुर मेडिकल कॉलेज में प्रिन्सिपल हो कर चले गए। एक दिन शाम तक भारद्वाज अपने बंगले पर नहीं लौटे। खोज-बीन शुरु  हुई। उनकी कार कॉलेज के मार्ग में एक पेड़ से टकराई हुई दिखाई दी। नज़ारा हृदय विदारक था। डा. टी.पी. भारद्वाज के प्राण पखेरु उड़ चुके थे। विशेषज्ञों ने निर्णय दिया कि उन्हें फेटल हार्ट अटैक हुआ था। एक विद्वान् प्रोफेसर की यह दुःखान्तिका सभी परिचितों के लिए त्रासद थी।

अज्ञेय जी के साथ आचमन



    ज़िन्दगी का यह तमाशा  कुछ पहर है ।
             भूल मत यह तो जनाज़े का सफर है ।।

राजस्थान के यशस्वी कवि और साहित्यकार स्वर्गीय प्रकाश  आतुर की ये पंक्तियां  उनकी स्मृति के साथ रह रह कर याद आती हैं। प्रकाश  भाई का रोम-रोम प्रबल जिजीविषा की उत्ताल तरंगों से तरंगायित रहता था। हर समय गर्म जोशी  के साथ मिलना और कहकहे लगाना  उनके व्यक्तित्व की बुनावट का बेहद खूबसूरत हिस्सा था,  पर वे जीवन की क्षण भंगुरता के प्रति भी हर समय सजग रहते थे और कदाचित् यही कारण था कि वे हर दिन को उत्सव की तरह व्यतीत करते थे। वे भोर की पहली किरण के साथ गुनगुनाते उठते थे और शाम की तन्हाइयों को ज़िन्दादिल दोस्तों की सोहबत और उनके साथ होने वाली चुहलबाज़ी और आपान गोष्ठियों के आयोजन से आनन्दमय बना लेते थे।

मैं अकेला ही ऐसा व्यक्ति नहीं हूं,  जिसके साथ प्रकाश  आतुर के अन्तरंग रिश्ते  थे। बाड़मेर से ले कर बांसवाड़ा तक बीसियों सृजनधर्मी उनकी मैत्री की उस परिधि में समाविष्ट थे,  जिसका विस्तार निरन्तर होता ही रहता था।

आज उनके पुण्य स्मरण के समय मुझे एक ऐसे प्रसंग का ध्यान सहसा आ जाता है,  जिसे विस्मृत कर देना मेरे लिए कठिन होगा।

राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष के रूप में प्रकाश आतुर के साहित्यिक रिश्तों  का विस्तार बहुत हो गया था और उन्हीं के लोकप्रिय व्यक्तित्व के कारण राजस्थान के साहित्यिक बन्धुत्व ने भी बहुत प्रसार पाया था। बड़े-बड़े लेखक उनके आग्रह को टाल नहीं सकते थे । कुछ वर्षों पहले की बात है - माउण्ट आबू में एक लेखक सम्मेलन का आयोजन किया गया था,  जिसमें अज्ञेय जी विशिष्ट  अतिथि थे। अज्ञेय जी का व्यक्तित्व भारतीय लेखक समुदाय में अपूर्व था। उनकी शान  और उनके सृजन की धाक तो थी ही, उनका वाणी संयम भी गज़ब का था। बहुत कम बोलते थे,  बहुत कम खुलते थे। अनेक बार उनके इस संयम को ‘स्नॉबरी’  भी समझा जाता था। उस दिन 26  जून थी। रात्रि को मैंने उन्हें बताया कि आज प्रकाश  जी का जन्म दिन है। वे सुन कर बड़े प्रसन्न हुए। इतनी देर में प्रकाश भाई जी भी आ पहुंचे और अज्ञेय जी से अनुरोध किया कि कुछ समय हमारे साथ रह कर आशीर्वाद प्रदान करें। प्रकाश  जी के कक्ष में आकस्मिक आगन्तुकों के कारण विघ्न हो सकता था,  इस आशंका  से आयोजन मेरे कक्ष में रखा गया। अज्ञेय जी, प्रकाश  भाई,  सावित्री परमार और हमारे आत्मीय मित्र ओम थानवी उस अनौपचारिक जन्मोत्सव में शामिल थे। लोगों को बड़ा आश्चर्य  हुआ, जब हमने बताया कि प्रकाश जी का जन्म दिन होने के कारण अज्ञेय जी ने हमारे आग्रह पर चषक ग्रहण कर हमारी हैसियत में इज़ाफा किया था।

कुछ अरसे पहले अज्ञेय जी के शताब्दी वर्ष में ओम  थानवी जी ने, जो अज्ञेय जी के बहुत निकट रहे थे,  उनके संस्मरणों के दो खंड ’अपने-अपने अज्ञेय’  शीर्षक से प्रकाशित किए थे।  पृथुल कलेवर वाले ये संस्मरण-संकलन दो खंडों में प्रकाशित किए गए हैं। वाणी प्रकाशन द्वारा किए गए इस साहसिक उपक्रम की सराहना निश्चित ही की जानी चाहिए, किन्तु पंद्रह सौ रुपए के मूल्य के प्रत्येक खंड की पहुंच सामान्य पाठक तक न हो कर केवल पुस्तकालयों तक ही हो सकेगी।

शुक्रवार, 19 अक्टूबर 2012

समस्याएं सत्तर के पार पेन्शनर्स की


वैसे तो राज्य सरकार के आदेश हैं कि जिस दिन भी राज्य कर्मचारी सेवा-निवृत्त हो, उसकी पेन्शन, ग्रेच्युटी, लीव-एनकैशमैन्ट आदि के सारे कागजात उसी दिन डिलीवर कर दिये जाने चाहिए, किन्तु यह तथ्य भी छिपा नहीं है कि अनेकानेक कारणों से उनकी इन प्राप्तियों में अडंगे लगते रहते हैं और पीड़ित व्यक्तियों को न्यायालयों की शरण भी लेनी पड़ती है। बहरहाल!

समस्यायें गौर तलब उन पेन्शनर्स की हैं, जो सत्तर के पार पहुँच चुके हैं। उनमें 75  से लेकर 80-85  और 90-95  तक की आयु के पेन्शनर्स हैं, जो शारीरिक रूप से नितान्त असमर्थ हो चुके हैं। इनमें अच्छी खासी संख्या पारिवारिक पेन्शन प्राप्त करने वाली विधवाओं की है। इस आयु वर्ग के पेन्शनर्स को अपनी पेन्शन प्राप्त करने में कितनी कठिनाइयाँ होती हैं, इसका अनुमान कदाचित् राज्य के पेन्शन विभाग को भी नहीं है। किस प्रकार पहली तारीख को या इसके बाद ये बुजुर्ग पेन्शनर्स बसों में धक्के खाते हुए विभिन्न बैंकों तथा पेन्शन डिस्बर्समैन्ट केन्द्रों तक पहुँचते हैं, इस पीड़ा को मुक्त भोगी लोग ही जानते हैं। इतनी अधिक आयु के पेन्शनर्स में कुछ तो हतने अशक्त हैं कि उनसे चला भी नहीं जाता। बड़ी उम्र के इन लोगों में अधिकांशतः किसी न किसी बीमारी से पीड़ित होते हैं। उनके हाथों की अँगुलियाँ काँपने लगती हैं। बैंक में स्पेसीमैन सिग्नेचर नहीं मिलते, तो दिक्कत होती है, बार-बार हस्ताक्षर कराये जाते हैं। पेन्शन राशि लेने की प्रक्रिया में ही दिन पूरा हो जाता है।

वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण का जो कानून राज्य में लागू हुआ है, उसके नियमों में यह भी प्रावधान है कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए गरिमापूर्ण और सुविधापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट नियमों में प्रावधित कर्तव्यों के अतिरिक्त और भी बिन्दु जोड़ सकते हैं। ऐसे में क्या यह व्यवस्था नहीं की जा सकती कि हर जिले में ऐसा तन्त्र विकसित किया जाय, जिसके माध्यम से 70  से लेकर ऊपर की अधिकतम आयु के पेन्शनर्स की पेन्शन उनके निवास पर ही भुगतान कर दी जाये। सरकार को इसके लिए कोई तन्त्र विकसित करने के लिए अतिरिक्त कार्मिक व्यवस्था करने की आवश्यकता भी नहीं होगी। सरकार के कितने ही विभाग ऐसे हैं, जिनमें आवश्यकता से अधिक कर्मचारी हैं और वे अधिकांश समय में मस्ती ही मारते रहते हैं। ऐसे कर्मचारियों को उन विभागों से लेकर लेखा सेवा के किसी अधिकारी के अधीन इस सेवा-कार्य में लगाया जा सकता है।

60  से 65 वर्ष की आयु तक के कुछ पेन्शनर्स को भी तर्कसम्मत पारिश्रमिक देकर उनकी सेवाओं का उपयोग इस कार्य के लिए किया जा सकता है। नगर निगम के अन्तर्गत जितने जोन्स हैं, उन्हें ध्यान में रखकर प्रत्येक जोन के लिए ऐसे पेन्शन-वितरक तैनात किये जा सकते हैं। इस प्रकृति की व्यवस्था में किसी तरह की त्रुटि, विलम्ब, या भ्रष्टाचरण न हो, इसके लिए ‘इन बिल्ट सेफ गार्ड’  सावधानीपूर्वक रखे जा सकते हैं। आशा की जानी चाहिए कि राज्य का वित्त विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ ऐसे किसी तन्त्र को स्थापित करने की पहल करेगा।

बुजुर्गों पर बढ़ते अत्याचारः निवारण कैसे हो ?


हमारे जन-जीवन में आदर्श और आचरण के बीच जितनी गहरी खाई है, उसका शब्दों में बखान करना मुश्किल है। हम लोग तरह-तरह के दिवस मनाते हैं। प्रेम दिवस, मातृ दिवस, पितृ दिवस, पर्यावरण दिवस और न जाने क्या-क्या दिवस। इन दिवसों के पीछे भावनात्मक प्रेरणा और शक्ति कितनी है, यह तो हम व्यावहारिक रूप से जानते ही हैं। इन दिवसों पर छपने और बँटने वाले कार्डों का भी करोड़ों का कारोबार होता है, जिसका तात्पर्य प्रकटतः यही है कि हमने मनुष्य के अन्तर्मन की भावनाओं को भी तिजारत में बदल दिया है। मीडिया भी इन दिवसों पर अपना धन्धा करने से नहीं चूकता। फिर भी यह सन्तोष का विषय है कि समय-समय पर हमारे समाचार पत्र सामाजिक सरोकारों के मुद्दों को सुर्खियों में छापते हैं। पितृ दिवस अभी दो दिन पूर्व ही गया है और उससे कुछ दिन पूर्व समाचार पत्रों में हैल्पेज इन्डिया के अध्ययन की एक रिपोर्ट छपी है, जिसमें कहा गया है कि बुजुर्ग लोग अपनी पुत्र-वधुओं की तुलना में पुत्रों द्वारा अधिक सताये जाते हैं। हैल्पेज इन्डिया बड़ी प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था है और उसके निष्कर्ष विश्वसनीयता के निकट होने चाहिए। रिपोर्ट के अनुसार 31  फीसदी बुजुर्गों को उनकी बहुएं नहीं, बल्कि उनके बेटे दुःखी करते हैं। बुजुर्गों के उत्पीड़न के लिए केवल 23  फीसदी बहुएं जिम्मेदार हैं, जबकि 57  प्रतिशत बेटे अपने नृशंस व्यवहार के लिए उत्तरदायी हैं। हैल्पेज इन्डिया की यह रिपोर्ट 20  शहरों में करीब 6000  बुजुर्गों से साक्षात्कार करके तैयार की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक पूरे देश में बुजुर्गों को सताने और परेशान करने के कसूरवार उनकी बहुओं से ज्यादा उनके अपने बेटे हैं। हर शहर में यही ट्रेंड देखा गया, जो हैरान करने वाला था। सर्वे में हर इनकम ग्रुप और एजुकेटेड क्लास के लोगों की राय ली गई। सभी में ट्रेंड एक जैसे दिखाई दिए।

बुजुर्गों के लिए मुश्किल भरे शहरों में भोपाल सबसे आगे है, यहां 77.12  फीसदी बुजुर्ग परेशानी झेलते हैं। सबसे बेहतर स्थिति जयपुर की दिखी, जहां यह आंकड़ा सिर्फ 1.67  फीसदी है। यह मुद्रण की त्रुटि भी हो सकती है।

यदि ऐसा नहीं है तो, जयपुर का यह आँकड़ा चौंकाने वाला है, क्योंकि आये दिन माता-पिताओं के उत्पीड़न की जैसी खबरें छपती रहती हैं, उसे दृष्टिगत रखते हुए यह धारणा नितान्त अविश्वसनीय प्रतीत होती है। वैसे भी सैम्पल सर्वे की अपनी सीमाएं होती हैं। आश्चर्य की बात तो यह है कि राज्य में केन्द्र द्वारा पारित माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम-2007  लागू किये जाने और उसके अन्तर्गत नियम बन जाने के बाद इस कानून के तहत बुजुर्ग लोग राहत के लिए आवेदन करने से कतराते हैं, जिसके पीछे उनका यही भय छिपा रहता है कि ऐसा करने से उनके परिवार का अपयश होगा। किन्तु इस तरह की भावना को निर्मूल करने और इस कानून के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की दिशा में सरकार और सोशल एक्टीविस्ट दोनों ही निष्क्रिय प्रतीत होते हैं। चूँकि अभी इस संबंध में जन-मानस में जागरूकता नहीं आई है, जिला मजिस्ट्रेटों के लिए यह अनिवार्य है कि वे उपनियम (2) और (3)  में उल्लिखित कर्तव्यों और शक्तियों का प्रयोग यह सुनिश्चित करने के लिए करें कि अधिनियम के उपबन्धों का उनके जिले में समुचित रूप से क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिला मजिस्ट्रेटों के मुख्य कर्तव्य उक्त प्रावधान के अन्तर्गत निम्न प्रकार हैं -

1. यह सुनिश्चित करना कि जिले के वरिष्ठ नागरिकों का जीवन और सम्पत्ति सुरक्षित है और वे सुरक्षा और गरिमा के साथ जीवन-यापन करने में समर्थ है;

2. भरण पोषण के आवेदनों के यथासमय और उचित निपटान और अधिकरणों के आदेशों के निष्पादन को सुनिश्चित करने की दृष्टि से जिले के भरण पोषण अधिकरणों और भरण पोषण अधिकारियों के कार्य का निरीक्षण और मॉनीटर करना;

3. जिले के वृद्धाश्रमों के कार्यकरण का निरीक्षण और मॉनीटर करना ताकि यह सुनिश्चित किया जाये कि वे इन नियमों और राज्य सरकार के अन्य मार्गदर्शक सिद्धान्तों और आदेशों में अधिकथित मानकों के अनुरूप हैं;

4. अधिनियम के उपबंधों और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों के कार्यक्रमों के नियमित और व्यापक प्रचार को सुनिश्चित करना;

निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि सरकार के संबंधित विभाग वरिष्ठ नागरिकों के गरिमापूर्ण जीवन को सुनिश्चित करने के लिए कानून के प्रावधानों की जानकारी समाचार पत्रों और टी.वी. चैनल्स पर डिस्प्ले विज्ञापनों के जरिये घर-घर पहुँचायें और जो वास्तविक हालात हैं उनका सर्वेक्षण भी करायें। गैर सरकारी स्वयंसेवी संस्थाएं भी इस दिशा में बहुत कुछ योगदान कर सकती है। आशा है, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जो न केवल मन से बहुत संवेदनशील हैं, अपितु अपने माता-पिता की सेवा के लिए भी बहुत चर्चित रहे हैं, राज्य में बुजुर्गों के बेहतर जीवन के लिए और अधिक कारगर कदम उठायेंगे।

आत्म-विज्ञापन में उलझी अफसरशाही


प्रशासन के ऊँचे पदों पर बैठे आला अफसरों का राजन्य भाव और समाज के सभी वर्गों पर बढ़ता उनका दबदबा अब कोई रहस्य नहीं रह गया है। राजनीति विज्ञानियों की भाषा में भले ही चुने हुए जनप्रतिनिधि  ‘स्वामी’  की संज्ञा से अभिहित होते हों और नौकरशाही की जमात ‘लोकसेवकों की बिरादरी’  कहलाती हो,  किन्तु व्यावहारिक जीवन में आलम कुछ और ही है। भर्तृहरि ने शताब्दियों पूर्व कहा था कि सेवाधर्म सामान्यजन के लिए तो क्या,  योगियों के लिए भी परम गहन है। किन्तु आज के आला अफसरों को ऐसी प्रतीति कदाचित् दूर-दूर तक नहीं होती। उनके स्वभावगत अहंकार,  सर्वज्ञता के भ्रम और राजसी शैली से तो सभी वाकिफ रहे हैं,  किन्तु हाल के वर्षों में उनमें आत्म-विज्ञापन का आसव पीकर उन्मत्त होने की जैसी उत्कट लालसा देखने में आ रही है,  वह चिन्तनीय है।

एक समय वह था,  जब सरकार के बड़े अफसर भले ही कितने सुविधाभोगी रहे हों,  किन्तु आत्म-प्रचार की व्याधि से ग्रस्त नहीं थे। मुझे याद आता है,  पाँच दशक से अधिक समय पूर्व का वह प्रसंग,  जब राजस्थान के सबसे लंबे समय तक मुख्य सचिव रहे स्व. भगवत सिंह मेहता ने शासन द्वारा प्रकाशित एक पत्रिका में इन पंक्तियों के लेखक द्वारा सम्पादक की हैसियत से उनका एक चित्र छापे जाने पर पत्र लिखकर आगाह किया था कि भविष्य में कभी भी सरकारी अधिकारियों के चित्र विकास विभाग की उस पत्रिका में न छापे जायें। किन्तु बदलाव कितना आ गया है कि पिछले दिनों एक सरकारी विभाग की पत्रिका में उनके अपने शासन सचिव और विभागाध्यक्ष के ही एक दर्जन से अधिक चित्र प्रकाशित किये गये थे। ऐसी एक नहीं अनेक शासकी पत्रिकाएं और समय-समय पर प्रकाशित होने वाले सामयिक प्रकाशन आपकी दृष्टि से गुजर जायेंगे, जिनमें सरकार के आला अफसरों की तस्वीरें बड़ी संख्या में आये दिन अनिवार्य रूप से छपती रहती हैं।
मजे की बात तो यह है कि आजकल किसी भी सरकारी विभाग या गैर सरकारी संस्थान का कोई भी सार्वजनिक आयोजन हो, विभागीय मंत्रियों के साथ विभागीय सचिव और विभागाध्यक्ष भी समारोह में विशिष्ट अतिथि बनते हैं और अध्यक्षता करते हैं। इतना ही नहीं नेताओं को जिस प्रकार शाल ओढ़ाकर या सिर पर साफा पहनाकर सम्मानित किया जाता है,  उसी तर्ज पर अधिकारियों का भी सार्वजनिक सम्मान किया जाता है। बात चाहे राज्य की राजधानी की हो या कि किसी प्रदेश के जिला क्षेत्रों की,  परिदृश्य वही नजर आता है। जिला कलक्टर तो आये दिन ही इस प्रकार के समारोहों को अपनी उपस्थिति से उपकृत करते रहते हैं। ऐसे अवसरों पर निकलने वाली स्मारिकाओं और पुस्तिकाओं में उनके नयनाभिराम चित्र भी सैकड़ों की संख्या में देखने को मिल जायेंगे। इतना ही नहीं,  आला अफसरों के संदेशों से भी सभी सरकारी और गैर-सरकारी प्रकाशन भरे रहते हैं,  जिनके साथ अनिवार्य रूप से उनके चित्र लगे होते हैं। प्रायः प्रत्येक राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के अन्तर्गत कार्य कर रहे जिला जनसंपर्क अधिकारी तो जिला कलक्टरों के भाषण और तस्वीरें आंचलिक साप्ताहिकों और पाक्षिकों में छपाकर उनका कृपा-प्रसाद पाने में ही अपने कर्म की सार्थकता समझते हैं। राज्य की राजधानियों और बड़े नगरों में होने वाले साहित्यिक,  सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर यदि दृष्टि डालें,  तो अक्सर दूरदर्शन,  आकाशवाणी और सूचना निदेशालयों के अधिकारी मंच पर मुख्य अतिथि,  विशिष्ट अतिथि या अध्यक्ष के रूप में बिराज रहे होंगे। आयोजकों द्वारा मंच पर उन्हें सुशोभित करने का मंशा एक ही होता है कि उनके कार्यक्रम को प्रचार मिल जाये। प्रचार की इस प्रक्रिया में संचार माध्यमों के कीर्ति पुरूषों के चित्र तो मुद्रित या इलेक्ट्रानिक मीडिया में स्वतः स्थान पा ही लेते हैं। आश्चर्य की बात तो यह है कि राज्य शासन या केन्द्र शासन द्वारा इसका कोई नोटिस नहीं लिया जाता कि ये अधिकारी इन रस्मी आयोजनों के उद्घाटन और समापन समारोह में राज-काज को परे रखकर अपना कितना समय बर्बाद करते हैं। यूंकि इस कोटि के अधिकारी प्रायः सरकारी वाहनों में ही ऐसे आयोजन स्थलों पर जाते हैं, इसलिए वाहनों का दुरूपयोग भी प्रकटतः होता ही है। पिछले डेढ़-दो दशकों में आला अफसरों में आत्म-प्रचार की यह प्रवृत्ति इतनी तेजी से बढ़ी है कि वह राजनेताओं की आत्म-विज्ञापन-कामिता से होड़ लगाती है। राज्य कोष में निरन्तर सेंध लगाने वाले ये उच्च वेतन भोगी आला अफसर इन प्रचारात्मक प्रवृत्तियों में कितनी ऊर्जा,  समय और सार्वजनिक धन का अपव्यय करते हैं,  इसकी कल्पना की जा सकती है। क्या सरकारें अपने इन लोकसेवकों पर उनकी इस आत्म-प्रचारात्मक मानसिकता को तोड़ने और उनके द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ समारोहों में मंचस्थ होने पर कोई अंकुश नहीं लगा सकती?

इतना ही नहीं,  विशेष अवसरों और अभियानों के दौरान जो बड़े-बड़े विज्ञापन मंत्रियों के नयनाभिराम चित्रों और उपलब्धियों के अतिरंजित आंकड़ों के साथ छापे जाते हैं,  उनमें भी अनेक बार आयोजनकर्ताओं में नौकरशाही की चाटुकारिता के अभ्यस्त लोग आला अफसरों के फोटोग्राफ छपाते रहते हैं। पीछे मुड़कर देखें, तो स्वाधीनता प्राप्ति के बाद देश के पुर्ननिर्माण की दिशा में नेहरू युग में जो कार्य हुआ,  उसकी उपलब्धियों के आंकड़े और उनके साथ बड़े-बड़े चित्र कभी भी उस बेहूदा ढंग से नहीं छापे गये जिस तरह से आजकल छापे जा रहे हैं। आज के वरिष्ठ नागरिकों को वह युग भूला नहीं है,  जब कभी भी न तो सरकारी उपलब्धियों के बड़े-बड़े इश्तहारों पर करोड़ों रूपये स्वाहा किये जाते थे और न गाहे-बगाहे छपने वाले प्रचारात्मक विज्ञापनों में कभी प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू,  सरदार पटेल या गोविन्द वल्लभ पंत के चित्र छपते थे। किन्तु अब तो नेताओं की तो बात ही क्या है विभिन्न आयोजनों के अवसरों पर छपने वाले विज्ञापनों में जिला स्तर तक के अधिकारियों के चित्र धड़ल्ले से छप रहे हैं।

इन दिनों एक और रोग बड़ा तेजी से फैल रहा है। देश में अनेक व्यक्ति और संस्थाएं सम्मानों का कारोबार कर रही हैं। बीसियों ऐसी संस्थाएं महानगरों में बनी हैं,  जिनके संरक्षक अधिकांशतः अब महत्वहीन हो चुके बड़े नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद हैं। ये संस्थाएं और इनसे जुड़े चालाक व्यक्ति नाना प्रकार के सम्मानों का आयोजन करते हैं और विविध क्षेत्रों में सेवाओं के लिए विभिन्न वर्गों के लोगों को मोटी रकम लेकर सम्मानित करने की तिजारत करके अपनी तिजोरियां भरते रहते हैं। उनकी व्यूह रचना ही यह होती है कि वे ऐसे पुरस्कारों और सम्मानों का बड़ा प्रभावशाली नामकरण करते हैं और फिर उसके लिए ऐसे यशपिपासु ढूंढते हैं,  जो अक्ल के अंधे और गांठ के पूरे होते हैं। सम्मानों के इस कारोबार को पनपाने में वे आला अफसर भी बड़े सहायक होते हैं,  जो स्वयं इन सम्मानों और अलंकरणों को निःशुल्क प्राप्त कर अपने को धन्य समझते हैं। इन सम्मानों के कारोबारी और धंधेबाज लोगों की रणनीति ही यह होती है कि वे कुछ आला अफसरों को सम्मान के इस मोहजाल में फांसें,  ताकि वे उनके नामों का उल्लेख करके कुछ ऐसे धनी लोगों को भी फांस सकें जो विभिन्न व्यवसायों में लगे रहने के साथ मिथ्या  सामाजिक प्रतिष्ठा प्राप्त करने के व्यामोह में ऐसे विकृत सम्मान प्राप्त करने के लिए मोटी रकम दे सकें। अभी कुछ वर्षों पहले ही अपने एक परिचित व्यवसायी को ऐसे ही तथाकथित राष्ट्रीय सम्मान से दिल्ली में सम्मानित किया गया था और उनके साथ कुछ आला अफसर भी सम्मानित हुए थे। अपने उन परिचित व्यवसायी की भव्य तस्वीर जब मैंने एक समाचार पत्र में छपी देखी,  तो मैंने उन्हें फोन पर बधाई देना चाहा तो उनसे यह दुखड़ा रोये बिना नहीं रहा गया कि वह सम्मान प्राप्त करने और फोटो छपाने में उन्होंने पूरे 50,000  हजार रूपये व्यय किये हैं।

ऐसे आला अफसरों की भी कमी नहीं हैं जो अपने को बड़ा कवि या गायक समझने की भ्रान्ति पाले रहते हैं। अक्सर ऐसे नौकरशाह कवि कार्यालय समय में भी अपना काव्य पाठ अपने मित्रों और सहधर्मी अधिकारियों के सामने करने से बाज नहीं आते। अपने प्रभाव का उपयोग करके वे न केवल अपनी घटिया किस्म की तुकबन्दियों के संकलन छपाते रहते हैं,  बल्कि पुरस्कार और सम्मान प्राप्त करने की टोह में भी रहते हैं। आला अफसरों द्वारा अपने मिथ्या अहम् की तुष्टि के लिए कराई जाने वाली इस प्रकृति की वैनिटी पब्लिशिंग के सैकड़ों नमूने पुस्तक विक्रेताओं की दुकानों पर देखे जा सकते हैं। काश! राज्य सरकार अपने अफसरों के इस आत्म-विज्ञापन के व्यामोह पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर सके।

धन्यवाद के पात्र हैं राष्ट्रपति महोदय


वैसे तो पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने भी कुछ सामन्ती परम्पराओं को तोड़ा था। उदाहरणार्थ,  उन्होंने इस सामन्ती प्रचलन को बंद किया था कि राष्ट्रपति को उनके जूते कोई सेवक पहनाए,  चाहे राष्ट्रपति भवन में और चाहे समाधि स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित करते समय जूते उतारने की ज़रुरत पड़ी हो। सेवकों द्वारा जूते पहनाने और जूते उतारने में उन्होंने सेवकों की सहायता का सर्वथा परित्याग कर दिया था। उसी प्रकार राष्ट्रपति भवन में इतना बड़ा अमला होते हुए भी वे स्वयं कम्प्यूटर पर बैठ कर इण्टरनेट के ज़रिए वैज्ञानिक गतिविधियों का लेखा-जोखा लेते रहते थे। उनकी यह जीवन शैली सब ओर सराही गई थी,  किन्तु हाल ही में पदासीन हुए राष्ट्रपति महोदय प्रणब मुखर्जी ने तो औपनिवेशिक शब्दावली के बहिष्कार की घोषणा करके निश्चित रूप से एक ऐसा स्तुत्य कार्य किया है,  जिसकी ओर किसी का ध्यान अब तक नहीं गया था। उन्होंने पहले तो अपने वक्तव्य में इस बात की निन्दा करते हुए कि ‘’हिज़ एक्सिलेन्सी’  और ‘’महामहिम’  जैसे शब्द हमारी मानसिक दासता के प्रतीक हैं और उनके लिए इन शब्दों का प्रयोग न किया जाए। अधिक से अधिक जहॉं नामोल्लेख ज़रूरी हो,  उन्हें ‘श्री प्रणब मुखर्जी ही कहा जाए। उन्होंने इस बात पर भी आपत्ति प्रकट की थी कि राजकीय और गैर राजकीय समारोहों में जहॉं वे पधारें वहॉं उनके लिए मंच पर ऊॅंची कुर्सी न लगाई जाए। अब तो राष्ट्रपति भवन से भी औपचारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। उसमें यह स्पष्ट कर दिया गया है कि देशवासियों द्वारा उन्हें किसी भी प्रसंग में ‘’हिज़ एक्सिलेन्सी’  और ‘’महामहिम’  जैसे विशेषणों से अलंकृत न किया जाए। इस विज्ञप्ति में इतनी-सी व्यवस्था अवश्य की गई है कि विदेशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ जुड़े आयोजनों और कार्यक्रमों में अन्तरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल का पालन किया जाता रहेगा।

आश्चर्य की बात यह है कि जब राष्ट्रपति जी ने ‘’हिज़ एक्सिलेन्सी’  और ‘’महामहिम’  जैसे शब्दों का बहिष्कार करने की बात अपने वक्तव्य में कही थी,  उसके बाद भी देश के किसी भाग के राज्यपाल ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की थी और न ही ऐसा कोई संकेत किया था कि वे भी भारी भरकम उपनिवेशवादी विशेषण अपने लिए प्रयुक्त किए जाने का मोह त्याग देंगे।

   किन्तु, अब जबकि राष्ट्रपति भवन से राष्ट्रपति जी के लिए उन विशेषणों का उपयोग न करने की विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है,  तो राज्यपालों को भी क्या इस प्रकार के निर्देश राष्ट्रपति भवन से जारी किए जाएंगे?  क्योंकि राज्यपाल सीधे वहीं से नियंत्रित होते हैं। यहां तक कि कोई राज्यपाल अपने प्रदेश की राजधानी छोड़ कर अन्यत्र जाता है,  तो उसे राष्ट्रपति भवन को सूचित करना होता है। औपनिवेशिक शब्दावली के अन्तर्गत और ऐसी  कितनी ही संज्ञाओं का प्रयोग प्रचलन में है। मिसाल के तौर पर राज्यपाल लोग जहां रहते हैं उनके निवास स्थल को राज भवन क्यों कहा जाता है, जबकि मुख्य मंत्री जहां रहते हैं,  उसे मुख्य मंत्री निवास के नाम से जाना जाता है। राज्यपाल के रहने के स्थान को भी उसी प्रकार राज्यपाल निवास के नाम से पुकारा जा सकता है। इसी प्रकार राजधानी में और ज़िला मुख्यालयों पर जहां राजन्य व्यक्तियों के निवास होते हैं,  उस क्षेत्र को सब जगह,  यहां तक कि दौसा और बारां जैसे छोटे ज़िलो में भी,  जहां कलेक्टर और ज़िला स्तर के अन्य अधिकारी रहते हैं,  सिविल लाइन्स कहा जाता है और जयपुर की सिविल लाइन्स तो मशहूर है ही। प्रकटतः इस क्षेत्र को सामान्य लोगों की बस्तियों से एक विशिष्ट बस्ती के रूप में पहचान दी गई है,  जो सर्वथा अनुचित है। सिविल लाइन्स के नाम से जो बस्तियां जानी जाती हैं,  उनका नाम किसी ऐसे व्यक्ति के नाम पर भी रखा जा सकता है,  जिनका सार्वजनिक जीवन में असाधारण योगदान रहा हो।

एक और अद्भुत बात यह है कि जब-जब भी विभिन्न आयोजन गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस,  गॉंधी जयन्ती आदि के अवसर पर सरकार द्वारा किए जाते हैं,  तो राज्य का सामान्य प्रशासन विभाग समाचार पत्रों में जनता को जिस भाषा में आमंत्रित करता है,  वह सर्वथा सामन्ती प्रकृति की होती है। हर विज्ञापन इस पंक्ति के साथ ही प्रारम्भ होता है ‘सर्व साधारण को सूचित किया जाता है कि-- प्रकटतः ‘’सर्व साधारण’  जुमले का यह प्रयोग नागरिकों की एक तरह से अवमानना ही है। इन शब्दों के प्रयोग से स्पष्टरूप से यह गंध आती है कि आमंत्रण देने वाले राजसी लोगों की दृष्टि में नगर निवासी अपने मुकाबले में कमतर होते हैं। इस तरह का प्रयोग नितांत अवांछनीय है और अविलम्ब बंद हो जाना चाहिए।

हमारी अदालतों के जो सम्मन समाचार पत्रों में छपते हैं उनमें से अधिकांश की भाषा में उसी पुराने  औपनिवेशिक युग की झलक मिलती है,  जबकि केन्द्र सरकार के विधि मंत्रालय के राज भाषा विभाग ने विशुद्ध हिन्दी में अच्छे-अच्छे मानक प्रारूप उपलब्ध करा दिए हैं।

निष्कर्षतः राष्ट्रपति महोदय को इस बात के लिए हार्दिक धन्यवाद किया जाना चाहिए कि उन्होंने राष्ट्रपति भवन से ही औपनिवेशिक विशेषणों को विदाई देने की पहल की है।    

नगर निगम के मुख्यालय में अग्नि-कांड


वैसे तो कदाचित् ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब जयपुर नगर-निगम से संबंधित कोई न कोई निन्दात्मक न्यूज स्टोरी स्थानीय समाचार पत्रों में न छपती हो। पर अभी दो दिन पूर्व नगर-निगम के मुख्यालय में हुए अग्नि-कांड में दो अनुभागों की फाइलें भस्मीभूत होने की खबर सचमुच चिन्ताजनक है। दफ्तरों में फाइलों को गुम करवा देना, दो चार महत्वपूर्ण फाइलों को निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा जलाया जाना तो समय-समय पर घटित होता रहा है। किन्तु इस प्रकार का फाइल-विनाशी अग्निकांड पहली बार ही सुना गया है। आग कैसे लगी, इसके बारे में तो स्थिति तभी स्पष्ट होगी, जब जाँच-समिति की रिपोर्ट सामने आयेगी, किन्तु यह अनुमान लगाना कठिन नहीं है कि इस अग्निकांड में मेयर-विरोधी कुछ तत्वों का हाथ जरूर है। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट हो जाना भी हो, तब भी यह जाँच का एक मुख्य बिन्दु अवश्य होना चाहिए कि आग के पूरी तरह प्रज्जवलित हो जाने और उसमें पत्रावलियाँ जलते रहने की सूचना कब और कितने विलम्ब से दी गई और अग्निशामक कार्यवाही कितने विलम्ब से शुरू हुई। जो कुछ हुआ है, वह नगर के प्रबुद्ध जनों के मस्तिष्क को आन्दोलित करने वाला है।

पीछे मुड़कर देखें तो जब से ज्योति खंडेलवाल मेयर पद के लिए चुनी गई तबसे उन्हें शान्तिपूर्ण ढंग से काम करने देने का वातावरण नगर निगम परिसर में रहा ही नहीं। विपक्षी दल के साथ सिर-फुटव्वल और सी.ई.ओ’ज. के साथ संघर्ष का सिलसिला इस तरह चलता रहा है कि नगर-निगम तत्वतः एक कलह-केन्द्र बन गया है। मेयर पर तरह-तरह के आरोप भी लगते रहे हैं और सब ओर से उनके विरूद्ध चैन-चुरैया हरकतें होती रही हैं। तथ्यात्मक और सत्यात्मक स्थिति क्या है, कहना कठिन है। पर इन हालात का मनोवैज्ञानिक अध्ययन करें, तो कहना होगा कि जब जब कोई मध्यम वर्ग या निम्न मध्यम वर्ग की कोई महिला किसी महत्वपूर्ण आसन पर विराजमान होती है, तो लोग उसे कम ही बर्दाश्त कर पाते हैं। विशेष रूप से अधीनस्थ पुरूष कर्मियों की तो यह प्रवृत्ति ही है कि वे महिला-विरोधी ब्यूह-रचना में पूरी दिलचस्पी लेते रहें। यद्यपि राज्य में नारी-सशक्तीकरण की दुन्दुभी बराबर बजती रही है, पर महिला सरपंचों से लेकर महिला मेयरों और महिला मंत्रियों की जो स्थिति है, उस पर दृष्टि-निक्षेप करें, तो निराशाजनक निष्कर्ष ही प्राप्त होते हैं। आलम यह है कि बरसों पहले सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश जारी किये थे कि सरकारी और गैर सरकारी दोनों ही क्षेत्रों के कार्यालयों में महिला यौन-उत्पीड़न और अशिष्टाचरण पर निगरानी रखने के लिए ऐसी समितियाँ गठित की जायें जिनकी अध्यक्ष न केवल महिला ही हो, अपितु उसके सदस्यों की संख्या में भी महिलाओं का समुचित प्रतिनिधित्व हो। पूरे राज्य में सरकारी विभागों और सरकार द्वारा वित्त पोषित कितने संस्थानों में ऐसी समितियाँ बनी और उन्होंने क्या भूमिका निभाई, इसका कोई लेखा-जोखा नहीं है।

कोई एक दशक पूर्व इन पंक्तियों के लेखक ने एक अध्ययन सेंम्पल सर्वे पद्धति से कराया था, जिसका परिणाम यही निकला था कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अन्तर्गत गठित समितियाँ पूर्णतः निष्क्रिय हैं और महिलाओं का उत्पीड़न कार्य-स्थलों पर पूर्ववत् जारी है। कितने दोषी अब तक दंडित हुए हैं, इसकी सरकारी स्रोतों से कोई प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। कहने का आशय यह है कि वर्किंग वूमन किसी भी पद पर नियुक्त हो, या किसी भी शीर्ष पद पर वह लोकतान्त्रिक पद्धति द्वारा चयनित होकर बैठी हो, उसका मार्ग कंटकाकीर्ण ही रहता है। जयपुर नगर-निगम भी इसकी एक मिसाल ही प्रतीत होती है।

थोड़ी देर के लिए नगर-निगम प्रकरण को नजरन्दाज कर दें, तब भी यह तो सोचना ही होगा कि कार्यालयों में फाइलों का रख-रखाव बहुत प्रभावी एवं कड़ी सुरक्षात्मक व्यवस्था की मांग करता है। सरकार में अलबत्ता ऐसे भी कुछ कुशल और चौकन्ना रहने वाले आला अफसर हैं, जो गोपनीय फाइलों को आलमारियों में स्वयं बन्द करके रखते हैं और उनके निजी सहायकों की भी ऐसी पत्रावलियों तक पहुंच नहीं होती। वे अनुकरणीय हैं। बहरहाल, जयपुर नगर निगम में हुआ अग्नि-कांड गंभीर चिन्ता का विषय है और ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति किसी कार्यालय में न हो सके, इसके लिए उपचारात्मक कदम पूरी शिद्दत से उठाये जाने चाहिए।

चुनाव चर्चा: सात दशक पहले


पत्रकारिता के इतिहास में गहरी दिलचस्पी के कारण पुराने समाचार पत्रों की तलाश करते रहना मेरा व्यसन रहा है। अपनी इसी खोज के सिलसिले में मेरी मुलाकात अचानक कोई तीस साल पहले श्री प्रियतम कामदार से हो गई। कामदार उन उत्कट विद्यानुरागियों में थे जो सुदूर सन् 1928 में भी प्रसिद्ध प्रकाशक डी.बी. तारापुरवाला से अंग्रेजी के ग्रन्थ मंगाकर पढ़ते थे। सन् 1942 में कामदार ने अन्य पत्रों के अलावा ‘’प्रचार’ नाम से एक ऐसे तेजस्वी साप्ताहिक का प्रकाशन किया था,  जिसके सामाजिक और राजनीतिक सरोकार सघन और गहरे थे। सन् 1945 में जब प्रजामंडल की मांगों के फलस्वरूप जयपुर रियासत में उत्तरदायी शासन की मांग उठने लगी, तो सर मिर्जा इस्माइल के जमाने में धारा सभा और प्रतिनिधि सभा की स्थापना की गई और इसके लिये चुनाव कराये गये। एक सीमित दायरे में ही सही,  जयपुरवासियों का चुनावों की प्रजातान्त्रिक प्रक्रिया से गुजरने का यह पहला अनुभव था। इसलिए प्रबुद्ध पत्रकार प्रियतम कामदार ने अपने समाचार पत्र के जरिये लोक-शिक्षण का बीड़ा उठाया और अपने पत्र में तरह-तरह के मनोरंजक विज्ञापन,  कविताएं,  लेख और टिप्पणियां प्रकाशित कीं,  ताकि जन सामान्य चुनाव-प्रचारकों की चिकनी-चुपड़ी बातों और मीठे वादों के भुलावे में न आयें और योग्य उम्मीदवारों को ही विजयी बनायें। यहां मैं उन विज्ञापनों को उद्धृत करने का मोह संवरण नहीं कर सकता,  जो कामदार जी ने आज से लगभग सात दशक पूर्व प्रकाशित किये थे।

जयपुर में नृसिंह चतुर्दशी का जुलूस बड़ी धूम-धाम से निकलता है। इसकी तैयारियां भी बड़े जोर शोर से होती हैं। नृसिंह के विभिन्न अवतारों के मुखौटे लगाये लोगों की यह शोभायात्रा दर्शनीय होती है। इसी शोभायात्रा की उपमा देते हुए चुनाव-चेतना का एक विज्ञापन जयपुरी बोली में इस प्रकार छापा गया थाः
‘चुनाव ‘चतरदशी’ आ गई छै
रंग विरंग्या चेहरा लेर
चैरावां चैरावां चक्कर लगाता हुयां
लोग
गळी गळी में घूम रह्या छै
सावधान!
वोट की ढोक कोई नकली नरसिंगजी के
देद्योला,  तो
आशीष को अस्यो हांथ माथा पर फेरेला
कि
थांका
चोटी-पट्टा साफ हो जायला
और
वांकी जटा
घेर-घुमेर हो जायली।

उन्होंने अपने समाचार पत्र में बुद्धि-कौशल से भरा एक ऐसा फार्म भी तैयार करके छापा था,  जिसमें उम्मीदवारों से जयपुर की सेवा करने और कुछ विशेष मांगों को पूरा करने की प्रतिज्ञा निहित थी। इस फार्म पर उम्मीदवारों के हस्ताक्षर कराने के लिये मतदाताओं का इस प्रकार आह्वान किया गया थाः

“यदि आप चोरों के चक्रव्यूह,  पापियों के पाखण्ड,  हरामियों के हथकंडे,  ठगों के गिरोह से अपने बहुमूल्य वोट की रक्षा करना चाहते हैं तथा अपने पवित्र वोट के बदले में अपने इष्ट मित्र,  कुटुम्बियों व मूक जनता और इसके सच्चे प्रतिनिधियों के लिये इस दिन से अगले चुनावों तक कष्ट,  चिन्ता और अपमान नहीं खरीदना चाहते हैं,  तो आपके ‘’प्रचार’  द्वारा प्रेषित पब्लिक के हित,  उन्नति और सम्मान भरे इस फार्म पर उम्मीदवार के हस्ताक्षर कराके अपना वोट दीजिये-‘
‘
मनोरंजक विज्ञापनों के साथ-साथ पत्र के ‘’चुनाव चर्चा’  शीर्षक स्तंभ में मतदाताओं को आगाह किया गया है कि वे उम्मीदवारों को मत देने से पहले निम्नलिखित बातें सुनिश्चित कर लें:
1. अमुक उम्मीदवार ने ‘’चोर बाजार’ से मूक जनता की रक्षा करने के लिये क्या-क्या किया और अब क्या करने की प्रतिज्ञा करता है।
2. अमुक उम्मीदवार ने राज्य के विभागों में बढ़ती हुई अभूतपूर्व रिश्वतखोरी से जनता की कितनी रक्षा की और अब क्या कर सकता है।
3. जनता द्वारा उठाये गये ‘’हिन्दी’  तथा ‘’वृक्ष नहीं कटेंगे’  आदि आन्दोलनों में अमुक उम्मीदवार ने क्या क्रियात्मक कार्य किये और आगे से जनमत विरूद्ध प्रश्न उपस्थित होने पर क्या कर सकेगा।
4. राज्य के उच्च स्थानों पर जयपुर वाले योग्य व्यक्ति नियुक्त किये जायें,  इस जननाद को किस उम्मीदवार ने सहारा दिया और आगे इस दिशा में क्या कर सकता है।
5. बहुत ही कम वेतन पाने पर भी कम भत्ता व बहुत बड़ा वेतन पाने पर बड़ा भत्ता दिये जाने के विरूद्ध किस उम्मीदवार ने क्या प्रतिरोध किया और आगे क्या करने का वादा करता है।
6. जयपुरवासी छोटे से छोटे सरकारी नौकर को पेट भराऊ वेतन अवश्य मिलना चाहिये,  इस आवाज में किस उम्मीदवार ने सहारा लगाया और भविष्य में लगाएगा क्या?
7. शहर की गलियों की बढ़ती हुई गंदगी के विषय में किन-किन उम्मीदवारों ने म्यूनिसिपैलटी व हैल्थ ऑफिस का गला पकड़ा और अब क्या वादा करते हैं।

एक साप्ताहिक द्वारा लगभग सत्तर वर्ष पूर्व चुनावों में इतनी गहरी रूचि लेकर लोक-शिक्षण की प्रभावी भूमिका निभाने का यह उपक्रम निश्चय ही प्ररेणास्पद और आज भी प्रासंगिक है।

वे बेमिसाल शिष्ट-मिष्ट लोग!


सन् 1962 का वह दिन मुझे अभी भी याद है,  जब तत्कालीन मुख्य सचिव भगवत सिंह मेहता ने प्रशासनिक शिष्टाचार और नए अफसरों के पहनावे पर विनोदपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा था,  ”प्रभाकर,  तुम अभी बच्चे हो। हमने तो वे दिन देखे हैं जब मेवाड़ में किसी रस्मी आयोजन में कोई बिना पगड़ी पहने जाने की जुर्रत नहीं कर सकता था। किसी ने अगर हिमाकत की तो उसकी खैर नहीं थी।“

लगभग 35 साल पहले का एक और किस्सा याद आता है,  यह मेरी आंखों के सामने ही घटित हुआ था। राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एस. अड़वियप्पा उन दिनों विकास विभाग में रूरल हाउसिंग सैल के प्रभारी अधिशासी अभियन्ता थे। उन्हें उन दिनों हिन्दी पढ़ने का चाव चढ़ा था। इसी सिलसिले में मैं एक दिन उनके कक्ष में बैठा था कि उसी समय उनके निजी सहायक ने वहां प्रवेश किया। निजी सहायक के मुंह में इतनी बुरी तरह पान भरा था कि बोलने में भी सहजता भंग होती थी। अड़वियप्पा साहब बहुत शान्त प्रकृति के बड़े शिष्ट व्यक्ति थे। किन्तु बड़ी कठोरता के साथ उन्होंने अपने निजी सहायक को निर्देश दिया,‘”तुम आज कैजुअल लीव पर रहो। अब दुबारा मेरे कमरे में आने की जरूरत नहीं है।“

कुछ वर्षों पूर्व मैं एक संगोष्ठी के सिलसिले में कोटा में था। संगोष्ठी की संध्या को एक स्थान पर आठ-दस व्यक्तियों के अनौपचारिक संवाद और आस्वाद का कार्यक्रम था। वहां जिला स्तर के एक युवा अधिकारी ने प्रवेश के साथ ही वह पराक्रम दिखाया कि धूम्रपान विहीन उस शालीन वातावरण को भंग करते हुए सिगरेट मंगाने का आदेश दिया और सिगरेटें फूंक फूंक कर उसका धुआं उन वयोवृद्ध विशिष्ट अतिथियों पर उड़ाते रहे,  जिनमें साठ के आसपास की मीडिया जगत से जुड़ी एक महिला भी थी। अगली सुबह जब इन महिला ने मेरे साथ बातचीत की और मैंने गत संध्या की घटना पर खेद प्रकट किया, तो उत्तर में उन्होंने हँसते हुए कहा ”ये सब बाल-लीलाएं हैं। इनसे अच्छा मनोरंजन हो जाता है।“

शिष्टाचार-हन्ता इन उदाहरणों के ठीक विपरीत अतिशय शिष्टाचार और विनम्रता का एक प्रसंग आज भी मुझे ममत्व से अभिभूत कर देता है। बहुत पुरानी घटना है। मैं भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और राजस्थानी साहित्य के मर्मज्ञ कैलाश दान उज्जवल से मिलने उनके निवास पर गया था। गृह-सेवक ने मेरा नाम पूछा और मुझे बरामदे में बैठने को कहा। बाड़मेर की तरफ का ठेठ ग्रामीण नौकर था। कदाचित् मेरा नाम ठीक से नहीं बता पाया। करीब पन्द्रह मिनट बैठा होऊंगा कि उज्जवल साहब जो उस समय टीवी देख रहे थे,  किसी काम से उठे। शाम का समय था। रोशनी में जाली के दरवाजे से मेरी मुखाकृति दिखाई दी। वे तुरन्त बाहर आए। मुझ से पूछा कि मुझे आए कितनी देर हुई थी। मैंने उन्हें स्थिति बता दी। उन्होंने पहले तो सेवक को डांट-फटकार लगाई और फिर क्षमा-याचना करते हुए मुझे भीतर ले गए। मैंने बहुत कहा कि मुझे अधिक समय नहीं हुआ है और नौकर की गलती नहीं है,  वह मेरे नाम का उच्चारण ठीक से नहीं कर पाया। मैं थोड़ी देर उनके साथ रहकर घर लौट आया। रात्रि को अचानक करीब साढ़े दस बजे उज्जवल साहब का फोन आया। वे कह रहे थे,  ”प्रभाकरजी,  थे म्हांनैं माफ करियो क नहीं?  म्हारा मन मैं घणों पछतावो होरियो है।“ मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि मेरे मन में कुछ नहीं है। मैं आपके स्नेह से विह्वल हूं।

एल.एन. गुप्ता,  जिनका पूरा नाम लक्ष्मीनारायण गुप्ता है,  प्राचीन भारतीय जीवन मूल्यों को आत्मसात् किये आज कल अपनी बँगलाभाषी सहधर्मिणी के साथ दुर्गापुरा के निकट प्रेम-निकेतन-आश्रम में अपना पिचहत्तर के पार जीवन निर्विकार भाव से व्यतीत कर रहे हैं। वे केन्द्र सरकार और राज्य सरकार में सचिव स्तर के पदों पर रहने के अतिरिक्त प्रधानमंत्री नरसिंहाराव के कार्यकाल में राजस्थान में राष्ट्रपति शासन के दौरान परामर्शदाता भी रहे। पर सिद्धान्तों से समझौता उनके लिए संभव ही नहीं था। उन्होंने कुछ माह बाद ही त्याग पत्र दे दिया। गुप्ता जी ने अन्य आला अफसरों की तरह कभी अपने घर पर सरकारी ऑर्डरली या सेवक नहीं रखा। उनका एक मात्र निजी सेवक भँवर नाम का युवक था,  जिसकी पत्नी को उन्होंने घर की बीनणी कह कर ही सम्मान दिया। एक बार मैंने उनसे अनुरोध किया कि वे प्रशासनिक सेवा के दौरान घटित सर्वाधिक स्मरणीय घटना पर आधारित कोई एक संस्मरण प्रकाशनार्थ दें। गुप्ता जी मुस्कुराकर बोले “मुझे कुछ याद नहीं,  मैं जिस दिन सेवा-निवृत्त हुआ,  उसी दिन मैंने अपनी स्मृति के इस पक्ष का स्विच ऑफ  कर लिया था कि मैं कभी भारतीय प्रशासनिक सेवा में था और फिर कोई भी व्यक्ति जब संस्मरण लिखता है, तो उसमें कहीं न कहीं ‘’मैं’ तो आ ही जाता है,  जो अहंकार का द्योतक है।“ उनकी असहमति भी कितनी शालीनता पूर्ण थी!

बी. एच. यू. का वह बदरंग कवि-सम्मेलन


आज भले ही देश  में विश्व  विद्यालयों की बाढ़ आ रही है,  पर पं. मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित बनारस हिन्दू विश्व  विद्यालय का आज भी कोई सानी नहीं है। लेकिन मैं हैरत में पड़ गया था,  जब मैंने एम.एन.आई.टी. जयपुर के समारोह में कुछ छात्रों से पूछ लिया था कि मालवीय महाराज कौन थे,  और वे निरुत्तर थे। उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में जो गिरावट आई है,  यह उसका एक नमूना था। जो भी हो,  यहां मैं जिस घटना का ज़िक्र कर रहा हूं,   वह तकरीबन 36-37 वर्ष पुरानी है।

कदाचित् 1976  का ही कोई कालखण्ड था। बी. एच. यू. की हीरक जयन्ती बड़े ज़ोर-शोर  से मनाई जा रही थी। इस महोत्सव की श्रृंखला में एक राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया था,  जिसमें हिन्दुस्तान के सभी सरनाम कवि,  जिनकी संख्या कोई तीस-चालीस के आस पास होगी,  आमंत्रित किए गए थे। अगर मुझे ठीक से याद है,  तो आमंत्रित कवियों में सबसे अधिक उम्र की  कवयित्री जो उस समय अस्सी के भी पार थीं,  चंद्रमुखी ओझा ‘’सुधा’  थीं और दूसरे नंबर पर डा. राम कुमार वर्मा थे। यह एक संयोग ही था कि इन पंक्तियों के लेखक को भी उस कवि-कुम्भ में आमंत्रित कर लिया गया था। सबसे कम  उम्र के कवि बुद्धिनाथ मिश्र थे,  जिन्हें आगे चलकर गीतकार के रूप में अच्छी प्रसिद्धि मिली थी। मेरी अपनी पात्रता उस आयोजन के प्रतिभागी के रूप में कितनी थी,  कहना कठिन है। पर हकीकत यह है कि उस समय बी. एच. यू. के हिन्दी विभाग में राजस्थान के एक रत्न बूंदी निवासी डा. भोला शंकर व्यास थे। व्यास जी भाषा विज्ञान के प्रकाण्ड विद्वान् थे। यद्यपि कवि सम्मेलन के समय वे अस्वस्थ चल रहे थे,  पर मेरा खयाल है कि उनकी संस्तुति पर ही मुझे आमंत्रित किया गया होगा। व्यास जी जब तक जीवित रहे,  जब कभी जयपुर आते,  तो मुझे दर्शन दे कर अवश्य  कृतार्थ करते थे। जयपुर में उनके कई निकट संबंधी थे और वे प्रवास में प्रायः एक संबंधी के यहां बापू नगर में ही ठहरते थे। बहरहाल।

उस विशाल कवि सम्मेलन के संयोजक और प्रभारी उस समय के यशस्वी गीतकार और बी. एच. यू. के हिन्दी विभाग में ही कार्यरत डा. शंभू नाथ सिंह थे। मैं बड़े उत्साह के साथ बनारस पहुंचा था। आयोजन स्थल के  मार्ग में एक पान की दुकान थी। वहां मैंने पनवाड़ी से एक बनारसी पान बनाकर देने को कहा। वह हॅंसा और बोला, बाबू,  बाहर से आए दिखते हो,  यहां एक पान नहीं,  पान का जोड़ा दिया जाता है। खैर। पान का जोड़ा खाया। विश्व  विद्यालय के प्रमुख द्वार पर स्वागत कर्ताओं  से माल्यार्पण कराया। उनके सायंकालीन आतिथ्य का सुख प्राप्त कर ठीक समय पर उस सभागार में पहुंचा जहां कवि सम्मेलन होना था। रात्रि के आठ बजते-बजते पूरा सभागार खचाखच भर गया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कदाचित् डा. राम कुमार वर्मा कर रहे थे। उत्तर प्रदेश  के तत्कालीन जन सम्पर्क निदेशक और प्रसिद्ध कवि ठाकुर प्रसाद सिंह भी उसमें भाग ले रहे थे। बड़े उल्लास और आनन्द के वातावरण में कवि सम्मेलन उर्दू मुशायरों की परम्परा के अनुसरण में सबसे युवा कवि बुद्धिनाथ मिश्र के गीत से प्रारम्भ हुआ। उसके बाद कुछ और कवियों ने काव्य पाठ किया। पर यह क्या, जैसे-जैसे बहुत वरिष्ठ और राष्ट्रीय ख्याति के कवि काव्य पाठ के लिए खड़े हुए,  बड़ी संख्या में छात्र हूटिंग करने लगे और पुरजा़र ध्वनि में शंख  बजाने लगे,  जो वे अपने साथ लाए थे। भले ही कवि सम्मेलन सुबह के चार बजे तक चला,  पर छात्रों के उत्पात ने रंग में भंग कर दिया। बाद में ज्ञात हुआ कि इस सब के पीछे विश्व  विद्यालय के प्राध्यापकों की अपनी राजनीति थी और वे इस आयोजन को फ्लॉप  कराने पर उतारू थे।

मेरी अपनी खिल्ली तो ऐसी उड़ाई गई कि वह घटना भुलाए नहीं भूलती। कवयित्री चंद्रमुखी ओझा ‘’सुधा’  जो मेरी दादी की उम्र की रही होंगी,  बराबर ज़र्दे का पान चबाए जा रही थीं और उनकी मंचीय टिप्पणियों का मैं ही एक मात्र निरीह और धैर्यवान् श्रोता था। उन्होंने बड़े दुराग्रह से मुझे ज़र्दे का पान ठीक उस समय खिला दिया,  जब मेरा टर्न आने वाला था। मैंने इससे पहले कभी ज़र्दे का पान नहीं खाया था। मेरा नाम पुकारे जाने पर मैं जैसे ही माइक के सामने जा कर खड़ा हुआ,  पान की पीक निगल जाने के कारण मेरी खुल्ल-खुल्ल शुरू  हो गई। मैं दो छंद भी नहीं पढ़ पाया कि छात्रों ने मुझे बुरी तरह हूट करना शुरु कर दिया। विवश  होकर मुझे बैठ जाना पड़ा। मैं,  जो उन दिनों राजस्थान के अच्छे मंचीय लोकप्रिय गीतकारों में समझा जाता था और शायद इसीलिए भोला शंकर जी व्यास ने मेरी सिफारिश  की होगी,  बहुत बेआबरू होकर बनारस से लौटा। तसल्ली इतनी ही थी कि मैं तो नाचीज़ था,  पर उस कवि सम्मेलन में बड़े-बड़े महारथियों की प्रतिष्ठा धराशायी हुई थी।

गृह सेवक-सेविकाओं की समस्याएं और समाधान


प्राचीनकाल से लेकर आज तक समाज के समृद्ध और खाते-पीते वर्गों में गृह सेवक रखने की परम्परा रही है। एक समय था,  जब गृह सेवक भी एक परिवार के साथ न केवल अपने जीवन का श्रेष्ठतम भाग सेवा धर्म में गुज़ारते थे,  अपितु उनकी हैसियत यह भी हो जाती थी कि वे अपने स्वामी के पारिवारिक मामलों में भी यथा आवश्यकता अपना परामर्श देते थे और कई बार पारिवारिक विग्रह और कलह का निवारण करने में अपनी भावनात्मक भूमिका निभाते थे। गृह स्वामी भी उनकी सेवाओं के लिए उनको यथोचित ढंग से पुरस्कृत और सम्मानित करते थे। शुक्र नीति में कहा गया है कि स्वामी का कर्तव्य है कि वह सेवकों की हथेलियों को स्निग्ध रखे। इस नीतिगत कथन का मंतव्य यही था कि व्यक्तिगत सेवा चाकरी में रहने वाले व्यक्तियों को हमेशा उन्हें अपनी उदारता से प्रसन्न रखने का प्रयत्न करना चाहिए। किन्तु आज तो सारी स्थितियां  ही बदल गई हैं। भौतिकता की इस दौड़ में न पहले जैसे स्वामी रहे और न सेवक। फिर भी किसी-न- किसी रूप में घरों में नौकर-चाकर रखे ही जाते हैं,  भले ही उनका स्वरूप बदल गया हो। आजकल जब पढ़े-लिखे परिवारों में महिलाएं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय सहभागिता करने लगी हैं,  या वेतनभोगी पदों पर कार्य करने लगी हैं,  तो ऐसी कामकाजी महिलाओं के लिए तो किसी-न-किसी रूप में आया,  बाई,  महाराजिन,  महरी या अन्य कोई सेवक रखने की आवश्यकता बढ़ती ही जा रही है। किन्तु दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि सम्भ्रांत घरों में भी पढ़े-लिखे स्त्री-पुरुष अपने सेवकों के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं,  जो मानव मूल्यों की दृष्टि से सर्वथा निन्दनीय है।

प्रायः देखा गया है कि अधिकांश ऐसे घरों में सेवकों के लिए रूखा-सूखा अलग खाना बनवाया जाता है। परिवार के अन्य सदस्य जैसा आहार लेते हैं,  उसकी तुलना में उनका भोजन प्रायः पोषक तत्वों से विहीन होता है। परिणामतः वे कुपोषण के शिकार भी हो जाते हैं। सबसे आपत्तिजनक बात तो यह होती है कि जब घर में कोई मिठाई अथवा कोई सुस्वादु व्यंजन परिजनों द्वारा उपयोग में लाया जाता है और जब वह उपयोग के योग्य भी नहीं रहता,  तो उसे गृहसेवकों को अपने घर ले जाने के लिए दे दिया जाता है। एक क्षण के लिए भी उनके मन में यह विचार नहीं आता कि जो वस्तु वे स्वयं खाने योग्य नहीं समझते,  उसे अपने सेवक को खाने के लिए क्योंकर दिया जाना चाहिए। फ्रिज में पड़े-पड़े फल या सब्जी़ जब ख़राब होने की स्थिति में आती है,  तो वह भी प्रायः गृह सेवकों को या उनके परिजनों को उदरस्थ करने के लिए दे दी जाती है। अनेक बार तो इस दुष्प्रवृत्ति के कारण गृह सेवक बीमार भी हो जाते हैं।

यही आलम वस्त्रों के मामले में नज़र आता है। अक्सर ऐसे  वस्त्र जो फटे-पुराने होते हैं या परिवार के सदस्यों की पसन्द से गिर जाते हैं,  उन्हें गृह सेवकों को ही भेंट में देकर अपनी उदारता का परिचय दिया जाता है।

शादी-ब्याह या अन्य मांगलिक अवसरों पर भी अक्सर यही होता है कि एक ओर जहॉं दूसरे सदस्यों के लिए हज़ारों रुपए के महंगे परिधान अवसर विशेष के लिए बनाए जाते हैं,  वहीं सेवकों के हिस्से में चालाकी और चतुराई से बाहर से चमकदार दिखाई देने वाले घटिया किस्म के कपड़े ही आते हैं।

हालांकि इस तथ्य को भी नज़र अंदाज़ नहीं किया जा सकता कि पिछले कुछ अर्से से इन सेवकों द्वारा गृह स्वामी या स्वामिनियों की हत्या कर उनके गहने,  नकदी आदि चुरा कर ले जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं,  पर इसके पीछे भी कारण निर्धनता ही है। यदि इन्हें भी अच्छा वेतन और खाने-पीने की समुचित सामग्री मिलती रहे तो कदाचित् इन चिन्ताजनक घटनाओं में कमी आ सकती है।

इसी प्रसंग में हम घरों में अंशकालिक रूप से काम करने वाली उन स्त्रियों का भी ज़िक्र कर सकते हैं,  जिन्हें राजस्थान में आमतौर पर ‘’बाई’  कहकर सम्बोधित किया जाता है। अधिकांश मध्यमवर्गीय परिवारों में ये ‘’बाइयॉं’  यूं तो काम के लिहाज़ से गृहस्थी का एक अनिवार्य अंग हैं और पड़ोसनों तथा परिचितों की आपसी बातचीत का एक प्रिय विषय भी हैं,  जो इनकी अहमियत को ही रेखांकित करता है,  परन्तु इन्हें भी जो मासिक वेतन दिया जाता है,  वह मोटे अनुमान के आधार पर परिवार की कुल आमदनी का पचासवें हिस्से से भी कम ही होता है। यही नहीं,  उसे भी इस अंदाज़ से दिया जाता है कि तीन से अधिक छुट्टी की तो प्रतिदिन के हिसाब से पैसा काटा जाएगा।

ये ‘’बाइयॉं’  जो पिछले 10-15  वर्षों पूर्व सैंकड़ों मील दूर अपने परिवार के साथ काम की तलाश में यहॉं आई हैं,  किन स्थितियों में रह रही हैं,  हम इसका आकलन तब तक नहीं कर पाते,  जब तक इनके तथाकथित आवासों को हम एक बार देख नहीं लेते। जिन बस्तियों में ये रहती हैं और जिस तरह का अपौष्टिक भोजन इन्हें प्राप्त होता है,  वह इनके आए दिन रोग ग्रस्त हो जाने का बहुत बड़ा कारण है।

आज आवश्यकता यह विचार करने की है कि इन्हें कैसे सम्माननीय नागरिकों का दर्जा देते हुए इनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाए और साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इनके बच्चे भी विद्यालयों में पढ़ने जा सकें।

जिन परिवारों में ये अंशकालिक सेविकाएं काम करती हैं,  उनका तो यह कर्तव्य बनता ही है,  कुछ स्वयंसेवी संस्थाएं भी इनके जीवन स्तर और इन परिवारों की आमदनी के बारे में सर्वे कराकर अपने सुझाव दे सकती हैं।                          
 


प्राच्य विद्या, साहित्य और पत्रकारिता को समर्पित डॉ इन्दु शेखर


अपनी वाणी और लेखनी दोनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति के सन्देश को समुद्र पार पहुंचाने वाले संस्कृत और हिन्दी के विद्वान् एवं प्राच्य विद्याविद् डॉ. इन्दुशेखर डेढ़ दशक पूर्व कीर्तिशेष हो गये थे। यद्यपि अपनी आयु के लगभग बीस वर्ष उन्होंने कभी भारत-विद्या के प्रोफेसर के रूप में और कभी सांस्कृतिक सहचारी के रूप में विदेशों में ही व्यतीत किए थे,  तथापि जीवन के प्रारम्भिक और अन्तिम दौर में वे गुलाबी नगर की गोद में ही रहे। सुदर्शन देह-यष्टि,  मधुर संभाषण और अहर्निश आनन्दभाव में रहने वाले डॉ. इन्दुशेखर सही अर्थों में संस्कृति पुरुष थे। उनके मित्रों,  प्रेमियों,  श्रद्धालुओं और शिष्यों की एक बड़ी संख्या थी।

पांडित्य परम्परा में शिक्षा-दीक्षा
इन्दुशेखर का जन्म नाम देवदत्त था और उनका जन्म हरियाणा के गुड़गांव में 1 फरवरी,  1911 को हुआ था। उनका बाल्यकाल हरिद्वार के हृदय में बसी गुरुकुल कांगड़ी के उस सुरम्य वातावरण में व्यतीत हुआ था जहां पतितपावनी भागीरथी अठखेलियां करती है। उनके पिता कन्हैयालाल शास्त्री संस्कृत के प्रकाण्ड पंडित थे और गुरुकुल में अध्यापन करते थे। परिणामतः देवदत्त की शिक्षा भी आर्य समाज की पांडित्य परम्परा में ही हुई। उन प्रारम्भिक संस्कारों का ही प्रताप था कि डॉ. शेखर को अथर्ववेद की सैंकड़ों ऋचाएं कंठस्थ थीं। शास्त्री तक अध्ययन करने के बाद इन्दुशेखर लाहौर चले गए जहां उन्होंने एम.ओ.एल. और एम.ए. की परीक्षाएँ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। उन दिनों वे लाहौर में पं. उदयशंकर भट्ट,  हरिकृष्ण प्रेमी,  चन्द्रगुप्त विद्यालंकार आदि साहित्यकारों के निकट सम्पर्क में आए।

सन् 1935 में शिक्षा समाप्त करने के बाद इन्दुशेखर ने शिमला-दिल्ली में हारकोर्ट बटलर स्कूल में संस्कृत-हिन्दी के अध्यापक के रूप में जीविकोपार्जन का श्रीगणेश किया। तदन्तर वे दिल्ली के प्रसिद्ध सेंट स्टीफन कॉलेज में प्राध्यापक और दिल्ली प्रेस समूह के ‘’कारवां’ तथा  ‘एअरग्राफ’ पत्रों के सम्पादकीय विभाग में रहे। पांचवे दशक के आरम्भ में सर मिर्जा के सम्पर्क में आने के परिणामस्वरूप वे जयपुर के महाराजा कॉलेज में प्राध्यापक नियुक्त हुए और इसी के साथ उनके अभ्युदय की शुरूआत हुई। वे तीन वर्ष तक कूच-बिहार में शिक्षा सचिव और सूचना निदेशक के रूप में भी प्रतिनियुक्ति पर गए।

1957 से लेकर 1960 तक तेहरान विश्वविद्यालय में इण्डोलॉजी के प्रोफैसर रहने के तुरन्त बाद वे विदेश मंत्रालय द्वारा नेपाल स्थित भारतीय दूतावास में सांस्कृतिक सहचारी के पद के लिए चुन लिए गए। तेहरान में वे सी. कुन्हन राजा जैसे दिग्गज प्राच्य विद्याविद् के उत्तराधिकारी थे,  तो नेपाल में उन्होंने शिवमंगल सिंह ’सुमन’ का स्थान लिया था। इन दोनों ही रूपों में उन्होंने इन पदों पर रहने वाले विद्वानों की विरासत में विस्तार किया। नेपाल में 12 वर्ष रहने के बाद अल्प समय के अन्तराल के अनन्तर विदेश सचिव टी.एन. कौल के आग्रह पर वे फिर थाईलैण्ड स्थित चिंगमाई विश्वविद्यालय में भारत विद्या के प्रोफेसर होकर चले गए।

1975 में वहां से लौटने के बाद वे कुछ समय तक ‘इतवारी पत्रिका’ से सम्बद्ध रहे और फिर भारतीय विद्या भवन के राजस्थान केन्द्र से जुड़ गए।

अनेक भाषाओं के ज्ञाता
आजीविका अर्जित करने के लिए वे जहां कहीं भी,  किसी भी स्थिति में रहे हों,  उनकी सृजन-धर्मिता सदाबहार रही। वे कवि,  नाटककार और भारतीय संस्कृति के व्याख्याता के रूप में देश-विदेशों में जाने जाते रहे। उन्होंने प्राच्य विद्याविदों के मास्को में आयोजित विश्व-सम्मेलन में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद की ओर से सहभागिता की थी। मूलतः इन्दुशेखर संस्कृत के विद्वान थे,  पर वे अनेक भाषाएं जानते थे। निरन्तर अध्ययन द्वारा उन्होंने अंग्रेजी में ऐसी महारत हासिल कर ली थी कि अन्तर्राष्ट्रीय सभा-सम्मेलनों में वे धाराप्रवाह अंग्रेजी में भाषण करने में समर्थ थे। तेहरान-प्रवास के दौरान उन्होंने फारसी का अच्छा ज्ञान प्राप्त कर लिया था और ‘’पंचतंत्र’ तथा ‘’अभिज्ञान शाकुन्तलम्’ का फारसी में अनुवाद भी किया था,  जिसे स्वयं ईरान के शाह की सरकार द्वारा प्रकाशित किया गया था।

अपने नेपाल-प्रवास के दौरान उन्होंने नेपाली भाषा पर बहुत अच्छा अधिकार कर लिया था। यहां तक कि नेपाल के तत्कालीन नरेश महेन्द्र वीर विक्रमशाह की प्रेम कविताओं के एक संग्रह का हिन्दी अनुवाद उन्होंने ‘’तुम्हारे लिए’ शीर्षक से प्रकाशित किया था। नेपाल के नृप से उनकी अंतरंग मैत्री हो गई थी।

हॉलैण्ड के प्रसिद्ध संस्कृत विद्वान और भारत-विद्याविद् प्रो. जे. गौंडा से उनकी इतनी घनिष्टता हो गई थी कि सन् 1960 में उन्होंने इन्दुशेखर को युट्रेक्ट विश्वविद्यालय में आमंत्रित कर उन्हें डी.लिट्. के लिए शोध-प्रबन्ध लिखने को ही प्रेरित नहीं किया,  अपितु प्राचीन भारतीय इतिहास और संस्कृति विषयक ग्रन्थों के विश्व-विख्यात प्रकाशक ई.जे.ब्रिल द्वारा उन्होंने उनके शोध ग्रन्थ ‘’संस्कृत ड्रामाः इट्स ओरीजिन एण्ड डिक्लाइन’ को लाइडन से प्रकाशित  भी कराया। बाद में इस ग्रन्थ का भारतीय संस्करण मुंशीराम मनोहरलाल,  दिल्ली द्वारा प्रकाशित किया गया।

सांस्कृतिक चेतना में भूमिका
राजस्थान और विशेषकर जयपुर की आज की पीढ़ी के बुद्धिजीवियों और लेखकों को यह तथ्य अल्प ज्ञात है कि डॉ. इन्दुशेखर ने अपने जयपुर-निवास के प्रारम्भिक दौर में यहां सांस्कृतिक चेतना लाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

1944 या 1945 में उन्होंने पैन (PEN) का अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन जयपुर में आहूत किया था जिसमें जवाहर लाल नेहरू,  सरोजिनी नायडू,  डॉ. राधाकृष्णन,  शेखअब्दुल्ला और अंग्रेजी लेखक ई.एम. फोर्स्टर  तक ने भाग लिया था। वे जयपुर में रोटरी क्लब के संस्थापकों में से थे और वर्षों तक इसके सचिव रहे। मुझे आज भी स्मरण है,  1950 से 1957 तक का वह दौर जब इन्दुशेखर के सवाई मानसिंह अस्पताल के निकट स्थित निवास पर आए दिन कवि गोष्ठियों का आयोजन होता रहता था। इन गोष्ठियों में सहभागिता करने वालों में कविवर कर्पूरचन्द्र कुलिश,  रामनाथ कमलाकर,  मदनगोपाल शर्मा,  ताराप्रकाश जोशी आदि मुख्यतः होते थे। मैं स्वयं भी यदा-कदा उन गोष्ठियों में सहभागी होता था। कुलिशजी के डॉ. इन्दुशेखर के साथ बहुत आत्मीयता पूर्ण सम्बन्ध थे।

कारों के शौकीन
डॉ. इन्दुशेखर बहुत आमोद-प्रमोद प्रिय और राजसी प्रकृति के व्यक्ति थे। मैंने जब से उन्हें जाना,  वे उन गिने-चुने बुद्धिजीवियों में थे जो आज से 45 वर्ष पूर्व भी कार में ही चलते थे। उनकी वह हरे रंग की कार,  जो अक्सर हम कवियों को ‘’मौजी’ खिलाती थी,  मुझे आज भी याद है।

विदेश सेवा में चले जाने के बाद तो वे मर्सीडीज में बैठने लगे थे। संस्कृत का कोई पंडित अपनी निजी मर्सीडीज रखे,  यह अकल्पनीय लगता है। साठ के दशक में तो जयपुर की सड़कों पर एक-दो मर्सीडीज ही होंगी। अच्छी मदिरा और अच्छी मोटरों का उन्हें बेहद शौक था। अपने महाप्रयाण से पूर्व मात्र एक वर्ष की अवधि में उन्होंने तीन गाड़ियां बदली थीं और कुछ महीनों पहले तक वे स्वयं ड्राइव करके मेरे घर तक आ जाते थे। विदेशी लेखकों की तरह वे अपना अधिकांश पत्र-व्यवहार अंग्रेजी में ही सीधे टाइप राइटर पर स्वयं करते थे। सुरुचिपूर्ण संगीत के इतने शौकीन थे कि कैसेट्स का चलन होने से पूर्व उन्होंने मुझे एक बार बताया था कि उनके पास प्रसिद्ध गायकों की चुनी हुई रचनाओं के लगभग 1500 रैकार्ड हैं। कभी कुत्ते पालने का शौक भी उन्हें बहुत रहा था। बेहतरीन नस्ल के तीन-तीन कुत्ते उनके पास होते थे। एक बार तो उनके श्वान-शिशु पर,  जब वे काठमांडू में थे,  प्रसिद्ध नर्तक गोपीकृष्ण अपने प्रवास के दौरान इतने लट्टू हो गए थे कि डॉ. शेखर से उसे उन्हें देने का दुराग्रह कर बैठे थे।

संघर्षपूर्ण जीवन
डॉ. इन्दुशेखर उन लोगों में थे जो जीवन के संघर्ष को सहर्ष झेलते थे और हंसते-हंसते कटु अनुभवों का हलाहल पीते रहते थे। वे जब तक जिये,  जीवन की हर हलचल में उनकी दिलचस्पी बनी रही। नगर के किसी सिनेमाघर में चाहे नई फिल्म लगी हो,  कहीं नाटक हो रहा हो,  कवि सम्मेलन या मुशायरा हो,  सर्कस का शो हो रहा हो या क्रिकेट का मैच हो- वे सभी का आनन्द लेते थे। एक बार उन्होंने मुझसे कहा था - ‘‘”दोस्त! जब तक जीवन में एक भी व्यक्ति तुम्हें प्यार करता है,  जीवन जीने के लायक है।“

डॉ. इन्दुशेखर ने जीवन को अपने वैविध्य में जिया था,  सृष्टि की सारी रंगीनियों में उनका मन रचा-रमा था। उन्होंने निर्भीक और मुक्त जीवन जीने की अपनी जो आनन्द शैली अख्तियार की थी,  उसे अन्त तक नहीं छोड़ा,  किन्तु जीवन के सन्ध्याकाल में अपने 44 वर्षीय पुत्र अभिजात शेखर की एक सड़क दुर्घटना में अकाल मृत्यु हो जाने के कारण भीतर से टूट चुके थे। फिर भी उनके लबों पर अपने लोकप्रिय गीत की ये पंक्तियां थिरकती रहीं:
जी रहा हूं,  क्योंकि
जीवन पर मुझे विश्वास है।
जी रहा हूं,  क्योंकि
जीने का मुझे अभ्यास है।।


दुखान्तिका एक आई. पी. एस. अफसर की


यादें उस कालखंड की हैं,  जब कुंभाराम आर्य राज्य के गृह और स्वास्थ्य मंत्री थे। कदाचित् वर्ष 1957 का घटना-चक्र रहा होगा। कुंभाराम आर्य बिना किसी औपचारिक शिक्षा के भी किस प्रकार प्रखर बुद्धि-वैभव के धनी थे,  इसका आस्वाद मैंने सरकारी पत्रावलियों पर दी गई उनकी उन तीखी टिप्पणियों से किया था,  जो मुझे दिवंगत आई.ए.एस. अधिकारी बाला सहाय शर्मा के सौजन्य से सुलभ हुआ था। बाला सहाय जी दौसा के रहने वाले थे,  जहाँ मेरा ननिहाल था और मुझे यह सौभाग्य भी प्राप्त था कि मैंने हाईस्कूल में उनके पिता वृद्धिचन्द शर्मा से अंग्रेजी विषय पढ़ा था। बाला सहाय शर्मा के पुत्र गोपाल शर्मा अभी हाल तक जम्मू-कश्मीर शासन में डी.जी. (पुलिस) थे।

कुंभाराम आर्य की राजनीतिक सूझबूझ और उनकी पर दुःख-कातरता के अनेक किस्से आज भी लोगों की जुबान पर है। उन्हीं के एक परम मित्र और परामर्शदाता थे ‘’बादळी’ और ‘’लू’ जैसी श्रेष्ठ राजस्थानी काव्य-कृतियों के रचयिता चन्द्रसिंह। चन्द्रसिंह जी की शिक्षा-दीक्षा बहुत कैंडे की हुई थी। वे पहले सादूल पब्लिक स्कूल में और फिर बनारस विश्वविद्यालय में पढ़े थे। जिन दिनों कुंभाराम जी अपनी राजनीतिक शक्ति के शिखर पर थे,  चन्द्रसिंह जी अपने गाँव बिरकाळी को छोड़कर जयपुर आ गये थे। बिरकाळी तब गंगानगर जिले में और अब हनुमानगढ़ जिले में है। खासा कोठी के 18 और 19 नम्बर के दो कमरे चन्द्रसिंह जी के राजधानी-निवास के लिए सुरक्षित कर दिये गये थे। जैसे ही शाम होती,  अठारह नम्बर के कमरे में सरकार के कुछ चुने हुए आला अफसरों और काव्य-प्रेमियों की महफिल सजने लगती। इस मंडली का मैं सबसे कम आयु का सदस्य था। स्मृतियों के सहारे कहना चाहूँगा कि इस महफिल में पुलिस अधिकारियों में डी.आई.जी. जसवन्त सिंह,  जो राजस्थान के गठन के फलस्वरूप बीकानेर यूनिट से आये थे,  प्रमुख थे। दूसरे एक युवा आई.पी.एस. अधिकारी एस.पी. (सी.आई.डी.) जगन्नाथन थे। कुछ वरिष्ठ डॉक्टर भी नियमित आने वालों में थे,  क्योंकि कुंभाराम जी के पास स्वास्थ्य विभाग भी था। इस महफिल में मदिरा के चषकों के साथ बौद्धिक चर्चाएं बड़ी लम्बी चलतीं और कोई आधी रात के समय महफिल बिखरती। कदाचित् इस मेल-मिलाप का ही सुफल था कि डी.आई.जी. जसवन्त सिंह जी के बड़े भ्राता कर्नल फतहसिंह जी की सुपुत्री का विवाह विख्यात् कलाकार कृपाल सिंह शेखावत से सम्पन्न हुआ,  जो उन दिनों चित्रकला का अध्ययन करके जापान से लौटे ही थे। मुझे छोड़कर सब लोग कारों में आते थे,  पर मुझे भी प्रायः जसवन्त सिंह जी अपनी हरे रंग की एम्बेसेडर आर.जे.एल. 1000 में मेरे बापू नगर स्थित नन्हें से निवास पर छोड़ देते। जसवन्त सिंह जी सड़क के उस पार लगभग मेरे सामने की दिशा में एक बड़े बंगले में रहते थे,  जहाँ आजकल एक हाईकोर्ट जज रहते हैं।

यह भूमिका आई.पी.एस. अधिकारी जगन्नाथन की दुःखान्तिका को समझने के लिए जरूरी थी। जगन्नाथन नाटे कद के दाक्षिणात्य मूल के सांवले रंग के व्यक्ति थे। वे जब खासा कोठी में चन्द्रसिंह जी की महफिल में प्रवेश करते, तो पूरी तरह मदिरा के नशे में धुत होते और उनके साथ अनिवार्यतः एक सारंगी वादक होता,  जो राजस्थान की लोकधुनें बजाकर उनका मनोरंजन करता था। शराब के नशे में वे जिस कदर चूर रहते थे,  उससे यह अनुमान लगाना कठिन नहीं रह गया था कि उनकी यह मयखोरी एक दिन उनके लिए आत्मघाती सिद्ध होगी। जगन्नाथन किसी भी अर्थ में ऐयाश व्यक्ति नहीं थे, पर मदिरा की मस्ती में कभी-कभी चाँदपोल बाजार की संगीत-नृत्य प्रवीणा गणिकाओं के यहाँ भी चक्कर काट लेते थे। उन दिनों चाँदपोल बाजार में रात होते ही रसिकगण मुजरा सुनने अपनी प्रिय गणिकाओं के आनन्द-गृहों की सीढ़ियाँ चढ़ने लगते थे। रामगंज तो रैड लाइट एरिया के रूप में पूरे भारत में ही बदनाम था। बहरहाल! एक दिन जगन्नाथन भी चाँदपोल बाजार की एक गणिका को झूमते हुए अपने साथ कार में बैठाकर ले आये और पहुँच गये सीधे पहली चौपड़ स्थित कोतवाली पर,  जहाँ कोतवाल रात की ड्यूटी पर था। जगन्नाथन को देखकर वह सकपका कर अपनी कुर्सी से उठकर सैल्यूट कर ही रहा था कि जगन्नाथन साहब ने आदेश दे दिया कि वह अपनी कुर्सी छोड़ दे और उस पर उस गणिका को बैठा दे। कोतवाल बड़ा सख्त और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति था। इधर गणिका कुर्सी पर बैठी और उधर थानेदार ने बाहर जाकर रात के दो बजे बड़ा साहस जुटाकर आई.जी. बी.जी. कानेटकर को फोन पर इस विचित्र घटना की सूचना दी। तब पूरे राजस्थान का एक ही आई.जी. होता था और कानेटकर कोई साधारण पुलिस अफसर नहीं थे। वे आई.सी.एस. के समानान्तर आई.पी. सेवा के सदस्य थे। तब पुलिस की भारतीय सेवा का नाम आई.पी.एस. नहीं था। वे राजस्थान में आई.पी. के आखिरी इन्सपैक्टर जनरल थे। वे तुरन्त कोतवाली आये और सारा माजरा देखा। दूसरे ही दिन कानेटकर ने उन्हें केन्द्र सरकार के कार्मिक विभाग की स्वीकृति लेकर निलंबित करने की कार्यवाही शुरू कर दी। जगन्नाथन सस्पेन्ड कर दिये गये। पर अपने उच्च स्तरीय संपर्कों के कारण,  जो जाँच-कमेटी बैठाई गई,  उसकी सिफारिश पर उन्हें जल्दी ही बहाल कर दिया गया। पर कानेटकर मानने वाले नहीं थे। उन्होंने व्यक्तिशः राष्ट्रपति से मुलाकात की और संविधान के एक विशेष प्रावधान के अन्तर्गत जगन्नाथन को राष्ट्रपति के विशेष आदेश से बर्खास्त कर दिया गया। इस तरह एक युवा आई.पी.एस. अधिकारी,  जिसने अपनी प्रखर बुद्धि और कार्य कुशलता के लिए जल्दी ही अपनी विशिष्ट पहचान बना ली थी,  अपने ही दुर्व्यसनों  से अपने कैरियर का सत्यानाश कर लिया। आगे की उनकी कष्ट-कथा आंखों को नम कर देने वाली है।